लखीमपुर-खीरी: दूसरी पत्नी-बेटे की हत्या कर अधेड़ ने फांसी लगाकर दी थी जान, जानें पूरा मामला
अमृत विचार, पलिया कलां-खीरी। गांव नौगवां में पति, उसकी दूसरी पत्नी और बेटे का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक घरेलू कलह के चलते पति तौले ने अपनी दूसरी पत्नी और बेटे की हत्या की। दोनों के शव घर में बंद कर बाहर से ताला …
अमृत विचार, पलिया कलां-खीरी। गांव नौगवां में पति, उसकी दूसरी पत्नी और बेटे का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक घरेलू कलह के चलते पति तौले ने अपनी दूसरी पत्नी और बेटे की हत्या की। दोनों के शव घर में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया और खुद गांव के बाहर खेतों में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं। एसपी ने एएसपी के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटना सोमवार की है। कोतवाली पलिया क्षेत्र के गांव मलंगा निवासी किसान तौले (55) का शव सोमवार की सुबह करीब 11 बजे गांव के बाहर एक खेत में लगे पेड़ से लटका बरामद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि मृतक तौले की दूसरी पत्नी सरस्वती और उसके पुत्र 10 वर्षीय सौरभ का शव घर के अंदर कमरे में पड़ा है और कमरे में बाहर से ताला पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही सीओ राजेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शव मिलने के बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मां-बेटे का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। एसपी संजीव सुमन और एएसपी अरुण कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पंचायतनामा भरकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए थे। मृतक तौले की दो पत्नियां द्रोपदी और सरस्वती थीं, जो आपस में अक्सर लड़ती और झगड़ती थी। इससे तौले काफी परेशान रहता था। तीन दिन पहले भी दोनों पत्नियों ने आपस में जमकर बवाल किया था। तब मामला कोतवाली भी पहुंचा था।
हालांकि पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर मामला रफादफा करा दिया था। उधर तौले की दूसरी पत्नी सरस्वती और उसका बेटा सौरभ रविवार की शाम से गायब था। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच करने पर यह बात सामने आई कि घरेलू विवाद से तौले काफी परेशान रहता था। आए दिन विवाद होता रहता था। प्रतीत होता है कि इससे परेशान मृतक तौले ने ही अपनी पत्नी सरस्वती व पुत्र सौरभ की हत्या की है। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कहीं 12 लाख का कर्ज जमा करने का दबाव तो नहीं बनी वजह
दूसरी पत्नी और बेटे की हत्या कर आत्महत्या करने वाले गांव मलंगा निवासी तौले ने अपनी कृषि योग्य भूमि पर बैंक से करीब 12 लाख रूपये का कर्ज था। बैंक नोटिस भेजकर काफी समय से उस पर कर्ज जमा करने का दबाव बना रही थी। इसकी पुष्टि मृतक की पहली पत्नी द्रोपदी ने भी की है।
उसका कहना है कि बैंक का तो 12 लाख रुपये कर्ज था ही। इसके अतिरिक्त बिजली विभाग का भी उस पर काफी बकाया बताया है। इससे उसके पति काफी परेशान रहते थे। ग्रामीण पुलिस की घरेलू विवाद की बात पर ऐतबार तो कर रहे हैं, लेकिन वह कर्ज से परेशान होकर पत्नी व बेटे की हत्या करने से इंकार नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसान पर 12 लाख का कर्ज और कर्ज जमा करने के लिए बैंक का दबाव था। यह भी घटना की बड़ी वजह हो सकती है।
पत्नी की गला तो पुत्र की मुंह दबाकर की गई हत्या
फंदे पर लटके मिले तौले के शव का सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था, जिसकी मौत हैंगिग से होना पाई गई है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी पत्नी सरस्वती की गला घोटकर और पुत्र सौरभ का मुंह दबाकर हत्या होने की बात कही गई है। मां-बेटे की हत्या और किसान के आत्हत्या करने से गांव में सनसनी फैली है। वहीं लोग कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। तीन मौते से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: प्रेम प्रसंग में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट छोड़ा
