कन्नौज : प्रसूता की मौत पर हंगामा, पति ने लगाया लापरवाही का आरोप
अमृत विचार, कन्नौज। प्रसव के दौरान आपरेशन में लापरवाही बरतने से गर्भवती की मौत होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने निजी अस्पताल के बाहर सोमवार देर रात तक हंगामा किया। इस दौरान देर रात करीब तीन बजे तक तोड़फोड़ भी की। घटना से पहले संचालक को धमकी दिए जाने से अस्पताल में ताला लगा …
अमृत विचार, कन्नौज। प्रसव के दौरान आपरेशन में लापरवाही बरतने से गर्भवती की मौत होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने निजी अस्पताल के बाहर सोमवार देर रात तक हंगामा किया। इस दौरान देर रात करीब तीन बजे तक तोड़फोड़ भी की। घटना से पहले संचालक को धमकी दिए जाने से अस्पताल में ताला लगा दिया गया था। मामले में मृतका के पति ने मंगलवार को अस्पताल व स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में ह्रदेश तिवारी निवासी टड़वा मौजा गागेमऊ कोतवाली तिर्वा ने कहा कि उसकी पत्नी रुचि (29) को प्रसव पीड़ा होने पर 28 अगस्त को सुबह करीब 11.30 बजे पाल चौराहा स्थित शिवशक्ति हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर में भर्ती कराया गया था। आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मचारियों ने बच्चा टेढ़ा होने की बात कहकर भयभीत कर दिया और उससे 55 हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद पत्नी की हालत और ज्यादा बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। थोड़ी देर में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद कर्मचारियों ने उसे गुमराह करते हुए कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में लेकर गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवशक्ति अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही से पत्नी की मृत्यु हुई है जो एक तरह से हत्या है।
इस संबंध में अस्पताल के संचालक डॉ. अमित भदौरिया ने बताया कि प्रसूता के इससे पहले भी दो आपरेशन हो चुके थे। यह तीसरा था। रविवार को मरीज उनके पास आई थी। उसे भर्ती कर सर्जन को बुलाकर आपरेशन कराया था। ऑपरेशन में पाया कि गर्भाशय चिपका हुआ था। खराब स्थिति देख उसे बंद करते हुए कानपुर रेफर कर दिया।
इस संबंध में तीमरादारों को जानकारी भी दे दी थी। तीमारदारों ने मरीज को कानपुर के सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां आपरेशन किया गया और सोमवार को मरीज की छुट्टी भी करा ली गई। इसके बाद मरीज की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। देर रात तीमारदारों ने उन्हें फोन कर धमकी दी और इसके बाद शव लाकर अस्पताल के सामने रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके साथ ही अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। धमकी दिए जाने से वे डरे हुए थे इसलिए अस्पताल में ताला लगवा दिया। अस्पताल से ले जाने के 36 घंटे बाद कानपुर में मरीज की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें:- अमरोहा : डिलीवरी के दौरान बिगड़ी हालत तो किया रेफर, प्रसूता की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
