मुरादाबाद : पीतल फर्म के मालिक पर हमला, फायरिंग करते हुए गार्ड की बंदूक लूट ले गए बदमाश
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक पीतल फर्म के मालिक पर हमला करते हुए बदमाशों ने उनके गार्ड की बंदूक लूट ली। मारपीट व फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल के समीप गार्ड की बंदूक बरामद कर ली गई। फरार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक पीतल फर्म के मालिक पर हमला करते हुए बदमाशों ने उनके गार्ड की बंदूक लूट ली। मारपीट व फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल के समीप गार्ड की बंदूक बरामद कर ली गई। फरार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
कटघर थाना क्षेत्र में रहमत गली नंबर एक के रहने वाली सद्दीक अहमद पीतल फर्म के मालिक हैं। उनकी फर्म पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर बाइपास पर है। कटघर के सिकंदरपुर पट्टी निवासी प्रेम सिंह फर्म में गार्ड की नौकरी करता है। मंगलवार रात करीब 11 बजे सद्दीक अहमद फर्म पर पहुंचे। तभी दो बाइक पर सवार पांच युवक भी फर्म के गेट पर आ धमके। फर्म मालिक से गाली गलौज करते हुए उन्होंने सदीक अहमद पर हमला बोल दिया। मालिक पर हमला देख गार्ड ने बीच बचाव की कोशिश की। तब हमलावरों ने फायरिंग करते हुए गार्ड प्रेम सिंह की लाइसेंसी बंदूक लूट ली।
हमले में सदीक अहमद व उनके गार्ड प्रेम सिंह को गंभीर चोटें आईं। दोनों के सिर से खून निकलने लगा। चीख पुकार के बीच फर्म मालिक पर हमले की सूचना पुलिस को दी गई। पाकबड़ा थाना प्रभारी मोहित चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ हाईवे देश दीपक सिंह ने देर रात घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटना स्थल से कुछ दूरी पर गार्ड की बंदूक पुलिस ने बरामद की। पूरी घटना पीतल फर्म के सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उसमें बाइक सवार हमलावर फर्म मालिक की पिटाई करते देखे जा रहे हैं। देर रात फर्म मालिक से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हमलावरों की पहचान व उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : 250 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
