बरेली: बटलर प्लाजा पहुंचे डीएम-एसएसपी, अव्यवस्था देख जताई नाराजगी
बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में बढ़ते संक्रमित मरीजों के बीच लोग सुधार नहीं कर रहे हैं। जिंदगी खतरे में डाल संक्रमण फैलने की आशंका को नजरअंदाज कर बगैर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए लोग दुकानों पर भीड़ लगा रहे हैं। व्यापारियों का हाल बेहद खराब है। बगैर मास्क लगाए लोगों को सामान बेच …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में बढ़ते संक्रमित मरीजों के बीच लोग सुधार नहीं कर रहे हैं। जिंदगी खतरे में डाल संक्रमण फैलने की आशंका को नजरअंदाज कर बगैर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए लोग दुकानों पर भीड़ लगा रहे हैं। व्यापारियों का हाल बेहद खराब है। बगैर मास्क लगाए लोगों को सामान बेच रहे हैं। मोबाइल की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए कोई इंतजाम भी नहीं किए हैं।
शहर की सबसे पुरानी और घनी मार्केट बटलर प्लाजा में अव्यवस्था को लेकर कई शिकायतें जिलाधिकारी तक पहुंची तो बुधवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय बटलर प्लाजा का निरीक्षण करने पहुंच गए। डीएम ने अव्यवस्था के बीच दुकानों पर भीड़ देखकर नाराजगी जताई। दुकानदारों को भीड़ न एकत्र करने देने और बगैर मास्क लगाए लोगों को सामान न देने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने सभी गलियां घूमकर देखीं।
बटलर में बेतरतीब खड़ी गाड़ियों में अधिकारियों की गाड़ियों के पहिए भी रुक गए। डीएम ने वाहनों को ढंग से पार्क करने के सख्त निर्देश दिए। बताते हैं कि डीएम शहर के बाजार को नए शेड्यूल के तहत खुलवाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर बटलर की दुकानों का जायजा लेने गए।
यहां कई दुकानें ऐसी हैं जिनके बायीं और दायीं दोनों ओर शटर लगे हैं। नई व्यवस्था में सड़क के बायीं साइड की दुकानें बंद रखने और दायीं साइड की दुकानें खोले जाने की व्यवस्था की जा रही है। इस फार्मूले को लागू करने के पीछे अधिकारियों का मानना है कि इससे दुकानों पर भीड़ कम जुटेगी और संक्रमण फैलने का खतरा भी कम हो जाएगा।
