बरेली: कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों के टी-शर्ट व जींस पहनकर आने पर लगी रोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों के टी-शर्ट और जींस पहनकर आने पर रोक लगा दी गई है। कर्मचारी कार्यालय में साफ-सफाई के साथ फार्मल ड्रेस (औपचारिक परिधान) पहनकर आ सकेंगे। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु पूनिया की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश में लिखा है कि रोजाना …

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों के टी-शर्ट और जींस पहनकर आने पर रोक लगा दी गई है। कर्मचारी कार्यालय में साफ-सफाई के साथ फार्मल ड्रेस (औपचारिक परिधान) पहनकर आ सकेंगे। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु पूनिया की ओर से आदेश जारी किया गया है।

आदेश में लिखा है कि रोजाना देखा गया है कि कुछ कर्मचारी कार्यालय में औपचारिक परिधान में उपस्थित न होकर जींस व टी-शर्ट में आते हैं और इसी ड्रेस में उच्चाधिकारियों के समक्ष भी उपस्थित होते हैं। जबकि शासन से कर्मचारियों को कार्यालय में औपचारिक परिधान में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि इन कर्मचारियों को शासन के निर्देशों को पालन करने में कठिनाई हो रही है। उनका इस प्रकार का आचरण शासन के निर्देशों के प्रतिकूल एवं अनुशासनहीनता का द्योतक है।

इस संबंध में कर्मचारियों से अपेक्षा करते हुए एडीएम प्रशासन ने लिखा है कि कर्मचारीगण कार्यालय में नियमित रूप से साफ-सफाई के साथ औपचारिक परिधान में शालीनता के साथ उपस्थित हों। अपने कार्यस्थल पर सफाई का विशेष ध्यान रखें। सितंबर में कार्यालय का निरीक्षण किया जाना है।

निरीक्षण के समय यदि कार्यालय में सफाई का अभाव या कर्मचारियों का परिधान उक्तवत नहीं पाया गया तो संबंधित कर्मचारी का व्यक्तिगत उत्तरदायित्व मानते हुए इसे गंभीरता से लिया जाएगा। यह आदेश शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में तीन एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, दो एसीएम कार्यालय की टेबिल के साथ तहसील सदर पहुंचा तो कर्मचारियों में सुगबुगाहट शुरू हो गई। यह आदेश जारी करने से पहले शासनादेश भी खोजा गया लेकिन शासनादेश नहीं मिल पाया।

ये भी पढ़ें- बरेली: धरने पर जान गवाने वाले किसान के परिजनों को मिली पांच लाख रुपए की सहायता राशि

संबंधित समाचार