भाजपा नेता पाटिल और मंत्री संघवी को बदनाम करने का आरोप, गुजरात आप प्रमुख के खिलाफ FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूरत /गुजरात: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सी. आर. पाटिल और राज्य के मंत्री हर्ष सांघवी को कथित रूप से अपमानित करने को लेकर सूरत में आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इटालिया पर …

सूरत /गुजरात: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सी. आर. पाटिल और राज्य के मंत्री हर्ष सांघवी को कथित रूप से अपमानित करने को लेकर सूरत में आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इटालिया पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में सूरत शहर में आप नेता मनोज सोराठिया पर हुए हमले के लिए भाजपा द्वारा ‘गुंडे’ भेजे जाने की बात कह कर पार्टी की छवि खराब की है। भाजपा कार्यकर्ता प्रताप चोडवाडिया की शिकायत पर उमरा थाने में दर्ज FIR के अनुसार, आप नेता पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पाटिल और राज्य के गृहमंत्री सांघवी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का उपयोग किया है।

इटालिया के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 500 (मानहानि), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 505 (1)(बी) (राज्य या सार्वजनिक शांति के खिलाफ अपराध करने के लिए किसी व्यक्ति को भड़काना) और 469 (छवि खराब करने के लक्ष्य से फर्जीवाड़ा करना) में मामला दर्ज किया गया है।

सोराठिया पर 31 अगस्त को हुए हमले के बाद इटालिया ने एक वीडियो संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपमानजनक टिप्पणी की थी। आप ने आरोप लगाया है कि सोराठिया पर हुए हमले में भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ था। आप नेता को सिर में चोट आई है और वह सूरत अस्पताल में भर्ती हैं। उमरा थाने के निरीक्षक ए. एच. राजपूत ने बताया कि शहर पुलिस की अपराध शाखा हमले की जांच कर रही है। एक वीडियो संदेश में इटालिया ने कहा कि ‘‘भाजपा के 100 गुंडों’’ ने सोराठिया पर हमला किया है।

ये भी पढ़ें- Mission 2024: मुख्यमंत्री नीतीश का बड़ा बयान, कहा- ‘विपक्ष एकजुट होगा तो निर्णय बहुत अच्छा आएगा’

संबंधित समाचार