हल्द्वानी: फिर मंडराया डेंगू का खतरा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश में एक बार फिर डेंगू का खतरा मंडराने लगा है। नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार सहित कई शहरों में डेंगू फिर से अपने पैर पसारने लगा है। चिंता की बात है कि डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डेंगू, मलेरिया व स्क्रब टाइफस आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब अलर्ट …
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश में एक बार फिर डेंगू का खतरा मंडराने लगा है। नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार सहित कई शहरों में डेंगू फिर से अपने पैर पसारने लगा है। चिंता की बात है कि डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डेंगू, मलेरिया व स्क्रब टाइफस आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब अलर्ट मोड आ गया है। वहीं, नगर निगम द्वारा फॉगिंग कर डेंगू के लार्वा को नष्ट भी किया जा रहा है।
नैनीताल जिले में लालकुआं, बनभूलपुरा और दमुवाढूंगा में डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टाइफस का खतरा बढ़ने लगा है। बरसात के मौसम में पनपने वाली बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। बेस और एसटीएच में आने वाले हर डेंगू, मलेरिया व स्क्रब टाइफस मरीज की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने चिह्नित जगहों पर सैंपलिंग व जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया है।
जिले के अलग-अलग हिस्सों से आए चार से पांच मलेरिया पीड़ित मरीजों को बीते दो हफ्ते के भीतर एसटीएच से स्वस्थ कर घर भेजा जा चुका है। इधर, एसटीएच में स्क्रब टाइफस के 6 मरीजों के भर्ती होने व दमुवाढूंगा निवासी और बनभूलपुरा थाने में तैनात पुलिस जवान को डेंगू होने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग ने गतिविधियों को बढ़ा दिया है। विभाग की टीमें लालकुआं, वनभूलपुरा व दमुवाढूंगा में सैंपलिंग कर रही हैं। इसके अलावा लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
नगर निगम कर रहा इलाकों में फॉगिंग
नगर निगम ने संवेदनशील इलाकों को प्राथमिकता में लेकर उनमें फॉगिंग शुरू कर दी है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि सभी वार्ड में रोस्टर बनाकर लगातार फॉगिंग की जा रही है। इसके अलावा मच्छर के लार्वा को मारने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों से नालियों की सफाई कराई जा रही है।
डेंगू, मलेरिया व स्क्रब टाइफस को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। इस तरह के मरीजों के भर्ती होने की सूचना सभी अस्पतालों से रोज ली जा रही है। उसी के हिसाब से टीमों को अलग-अलग जगह पर भेजा जा रहा है। जागरूकता अभियान भी प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है।
– डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ, नैनीताल
