Britain’s New PM : ब्रिटेन को आज मिलेगा नया प्रधानमंत्री, जानिए नतीजों से पहले ऋषि सुनक ने क्या कहा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का ऐलान आज किया जाएगा। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद नए प्रधानमंत्री की रेस में पांच राउंड की प्रक्रिया को पार कर मुख्य मुकाबला ऋषि सुनक और लिज ट्रस के बीच है। इस दौड़ में लिज ट्रस, ऋषि सुनक पर भारी पड़ती नजर आ रही हैं। हाल के सर्वे …

लंदन। ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का ऐलान आज किया जाएगा। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद नए प्रधानमंत्री की रेस में पांच राउंड की प्रक्रिया को पार कर मुख्य मुकाबला ऋषि सुनक और लिज ट्रस के बीच है। इस दौड़ में लिज ट्रस, ऋषि सुनक पर भारी पड़ती नजर आ रही हैं। हाल के सर्वे में भी लिज ट्रस ने ऋषि सुनक को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में अब सुनक ने कहा है कि अगर वह प्रधानमंत्री की दौड़ में हार जाते हैं तो वह अगली सरकार का समर्थन करेंगे।

पांच सितंबर को नतीजों के ऐलान से पहले एक इंटरव्यू में ऋषि सुनक ने कहा कि अगर वह प्रधानमंत्री की दौड़ में लिज ट्रस से हार जाते हैं तो वह सांसद बने रहेंगे और अपने संसदीय क्षेत्र के लिए काम करना जारी रखेंगे। बता दें कि सुनक यॉर्कशायर के रिचमंड से सांसद हैं।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के समयानुसार दोपहर 12:30 बजे (लगभग शाम 5 बजे आईएसटी) नए प्रधानमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा औपचारिक रूप से नियुक्त किए जाने के बाद नए प्रधानमंत्री मंगलवार को पदभार ग्रहण करेंगे।

मुख्य बातें…

  • भारतीय समयानुसार शाम को पांच बजे सर ग्राहम ब्रैडी विजेता की घोषणा करेंगे। ब्रैडी बैकबेंच टोरी सांसदों की 1922 समिति के अध्यक्ष और चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर हैं।
  • सुनक और ट्रस को पब्लिक अनाउंसमेंट के 10 मिनट पहले यह पता चल जाएगा कि उन दोनों में से कौन अगला प्रधानमंत्री होगा।
  • नया प्रधानमंत्री रिजल्ट घोषित होने के फौरन बाद डाउनिंग स्ट्रीट के पास एक छोटा भाषण देगा। ये सिर्फ एक परंपरा है।

छह सितंबर को नए प्रधानमंत्री की शपथ

  • छह सितंबर को बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री हाउस 10 डाउनिंग स्ट्रीट से प्रधानमंत्री के तौर पर अपना आखिरी भाषण देंगे। इसके बाद इस्तीफा महारानी को सौंपने के लिए स्कॉटलैंड के एबरडीनशायर रवाना होंगे।
  • छह सितंबर को ही एलिजाबेथ (Queen Elizabeth II) नए प्रधानमंत्री को औपचारिक रूप से नियुक्त करेंगी। नया पीएम शपथ लेगा। शपथ ग्रहण समारोह स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में होगा।
  • आधिकारिक नियुक्ति होते ही नए प्रधानमंत्री वापस लंदन आएंगे। यहां 10 डाउनिंग स्ट्रीट से नए प्रधानमंत्री का पहला भाषण होगा।
  • लंदन के समय के मुताबिक शाम करीब चार बजे भाषण देने के बाद प्रधानमंत्री अपनी नई कैबिनेट की नियुक्ति करेंगे।
  • नई कैबिनेट की पहली बैठक बुधवार (7 सितंबर) को होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री पहली बार सदन (हाउस ऑफ कॉमन्स) पहुंचेंगे।

ये भी पढ़ें : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की दौड़ का अंतिम चरण, ऋषि सुनक और लिज ट्रस ने ऊर्जा संकट से निपटने का जताया संकल्प

संबंधित समाचार