लखनऊ : कारोबारी को फर्म की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर हड़पे दस लाख रुपये
अमृत विचार, लखनऊ । गाजीपुर थानाक्षेत्र के कारोबारी से एक फर्म की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर जालसाज दंपती ने दस लाख रुपये की ठगी की है। जब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ तो उसने जालसाजों को दिया हुआ रुपया वापस मांगा लेकिन वह अभद्रता करने लगे। इसके बाद कारोबारी ने गाजीपुर कोतवाली में …
अमृत विचार, लखनऊ । गाजीपुर थानाक्षेत्र के कारोबारी से एक फर्म की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर जालसाज दंपती ने दस लाख रुपये की ठगी की है। जब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ तो उसने जालसाजों को दिया हुआ रुपया वापस मांगा लेकिन वह अभद्रता करने लगे। इसके बाद कारोबारी ने गाजीपुर कोतवाली में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करवाया। मामले का संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
गाजीपुर थानाक्षेत्र के इंदिरानगर सेक्टर-14 निवासी कार्तिकेय नंदन आयात-निर्यात का कारोबार करते हैं। उनकी एम्पल एक्सपोर्ट के नाम से एक फर्म है। पीड़ित ने बताया कि अपनी फर्म के जरिए उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर जिले की मेसर्स कंफीडेंस पेट्रोलियम बाइंडिया फर्म के बारे में जानकारी हुई। यह फर्म एलपीजी गो गैस के वितरण का काम करती है। पीड़ित इस फर्म की फ्रेंचाइजी लेना चाहते थे। इस सिलसिले में उनकी बातचीत फर्म के डीजीएम सचिन दूधे से हुई। पीड़ित ने बताया कि 01 अप्रैल 2019 सचिन दूधे पीड़ित से मिलने आए और फ्रेंचाइजी देने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि उस वक्त सचिन दूधे में फ्रेंचाइजी देने नाम पर उससे कंपनी के खाते में तीन लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद सुजाता राजभान पाटिल उर्फ सुजाता दूधे ने पीड़ित से कागजी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कई किश्तों में कंपनी के खाते में करीब दस लाख रुपये जमा कराए थे। पीड़ित ने बताया कि लाखों की रकम जमा करने के बाद भी उसे फ्रेंचाइजी नहीं मिली तो उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने जालसाजों को दिया हुआ रुपया वापस मांगा लेकिन जालसाजों ने रुपये देने से मना कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने गाजीपुर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर शिकायत की। इस पर पुलिस आयुक्त के आदेश पर गाजीपुर कोतवाली पुलिस ने जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। इस सम्बन्ध में गाजीपुर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ : लकड़ी की सप्लाई के लिए हड़पे लाखों रुपये, मुकदमा दर्ज
