कानपुर: मल्टीलेवल पार्किंग के लिए नजूल की भूमि आवंटित, निर्माण पर 50 करोड़ रुपये होंगे खर्च
कानपुर। वीआईपी रोड पर लगने वाले जाम और कचहरी में वाहनों की पार्किंग की समस्या का समाधान अब हो जाएगा। तहसील के पीछे 38 सौ वर्गमीटर भूमि पर यह मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। इसके निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। भूमि नजूल की है और इसे कुछ शर्तों के साथ आवास एवं शहरी नियोजन विभाग …
कानपुर। वीआईपी रोड पर लगने वाले जाम और कचहरी में वाहनों की पार्किंग की समस्या का समाधान अब हो जाएगा। तहसील के पीछे 38 सौ वर्गमीटर भूमि पर यह मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। इसके निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। भूमि नजूल की है और इसे कुछ शर्तों के साथ आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से आवंटित कर दी गई है। तीन वर्ष के अंदर भूमि पर निर्माण का कार्य पूरा करना होगा नहीं तो विभाग इसे वापस ले लेगा।
वीआईपी रोड पर यातायात का दबाव बहुत ज्यादा है। इस वजह से जाम बहुत लगता है। कचहरी में हर दिन 10 हजार से अधिक अधिवक्ता और करीब इतने ही फरियादी कलेक्ट्रेट और कचहरी आते हैं। इस वजह से यहां यहां वाहनों की पार्किंग की समस्या भी है। वाहन वीआईपी रोड और पुलिस कार्यालय के सामने, शताब्दी गेट के आसपास और चेतना चौराहा से सरसैया घाट चौराहा तक खड़े होते हैं।
वीआईपी रोड पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग जाम का बड़ा कारण है। इस समस्या के समाधान के लिए ही छह माह पहले स्मार्ट सिटी मिशन के तहत छह मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जानी है। इसमें दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार फ्लोर बनेंगे। इस पार्किंग में 348 कार और 176 बाइक खड़ी हो सकेंगी।
तहसील के पीछे खाली पड़ी नजूल की भूमि प्लाट संख्या 89, 90,91 और 92 को प्रमुख सचिव नितिन गोकर्ण ने आवंटित कर दिया है। जारी शासनादेश के मुताबिक तीन वर्ष के अंदर निर्माण कार्य पूरा करना होगा। भूमि का उपयोग सिर्फ सरकारी विभाग करेगा। इसे किसी निजी संस्था को नहीं दिया जाएगा।
सीएंडडीएस करेगा निर्माण
पार्किंग का निर्माण जल निगम की निर्माण इकाई कांस्ट्रक्शन एंड डिजायन सर्विस करेगी। संस्था ने ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार की है। शासन से हरी झंडी के इंतजार में ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी।
पार्किंग का निर्माण स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किया जाना है। इसकी डीपीआर बन गई है। पार्किंग बन जाने से वाहनों के खड़े होने की समस्या का समाधान हो जाएगा।– प्रमिला पांडेय, महापौर।
यह भी पढ़ें-लखनऊ : हजरतगंज की मल्टीलेवल पार्किंग में महिला पर फायरिंग…जानें क्या हुआ
