अयोध्या: डीएम के आदेश के बाद भी यहां नहीं शुरू हुआ गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे
अयोध्या। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में संचालित गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे कराए जाने के आदेश के बाद अयोध्या जनपद में भी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे की तैयारी है। इसके लिए जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा एक कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। लेकिन कमेटी ने अभी तक सर्वे की कार्यवाही …
अयोध्या। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में संचालित गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे कराए जाने के आदेश के बाद अयोध्या जनपद में भी गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे की तैयारी है। इसके लिए जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा एक कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। लेकिन कमेटी ने अभी तक सर्वे की कार्यवाही शुरू नहीं की है। बताते हैं कि जिले में सैकड़ों मदरसे चल रहे हैं लेकिन केवल 144 ही मान्यता प्राप्त हैं।
जनपद अयोध्या में बिना मान्यता संचालित मदरसों को चिन्हित किए जाने को लेकर जो कमेटी बनाई गई है उसके नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन बनाए गए हैं जबकि सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इसके सदस्य हैं।
अभी तक सर्वे शुरू क्यूं नहीं हुआ इस सवाल के जवाब में डीएमओ अमित प्रताप सिंह का कहना है कि कमेटी बनाई जा चुकी है जल्द ही सर्वे शुरू होगा। उन्होंने बताया की जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे की रिपोर्ट 25 अक्टूबर तक नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंप दी जाएगी।
वहीं सर्वे में हो रही देरी की वजह प्रदेश भर में मुस्लिम धर्म गुरुओं द्वारा विरोध किया जाना माना जा रहा है। गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे कराए जाने के उप मदरसा शिक्षा परिषद का आदेश जारी होते ही मुस्लिम समुदाय में उलेमाओं ने विरोध शुरू कर दिया था। हालांकि अयोध्या जिले में सर्वे को लेकर कोई विरोध सामने नहीं आया।
जनपद अयोध्या में इस समय कुल 144 मदरसे मान्यता प्राप्त संचालित हो रहे हैं। इसी में आठ मदरसे सरकार से अनुदानित हैं। इन मदरसों के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों को राज्य सरकार से वेतन आदि की सुविधा प्रदान की जाती है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अब प्राधिकरण खेल रहा सर्वे और नोटिस का खेल
