शाहजहांपुर: नियमों को ताख पर रख, दी गई कोतवाल को विदाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलालाबाद, अमृत विचार। अभी दो दिन पूर्व ही उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह का ट्रांसफर होने पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया। शासन द्वारा बनाए नियमों को ताख पर रख शाही विदाई जुलूस निकालने पर अंबेडकर नगर के कप्तान आलोक प्रियदर्शी ने बड़ी कार्रवाई …

जलालाबाद, अमृत विचार। अभी दो दिन पूर्व ही उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह का ट्रांसफर होने पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया। शासन द्वारा बनाए नियमों को ताख पर रख शाही विदाई जुलूस निकालने पर अंबेडकर नगर के कप्तान आलोक प्रियदर्शी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष मनोज सिंह व अन्य दस पुलिसकर्मियों को निलंबित कर सोशल डिस्टेंसिंग और एपिडमिक एक्ट के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे।

इसके बावजूद कुछ इसी तरह की विदाई जलालाबाद कोतवाल रवि कुमार को भी कोतवाली परिसर में दी गई। जिसमें कोतवाल समेत अन्य पुलिसकर्मी सभी नियमों को भूल गए और पुलिस स्टाफ के अलावा अन्य नागरिक भी उन्हें बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए फूल माला पहनाते नजर आए।

इतना ही नहीं पूरे कार्यक्रम के फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शेयर किए गए। यहां देखना दिलचस्प होगा कि आम नागरिकों का बिना मास्क ₹100 का चालान करने वाली पुलिस पर अंबेडकर नगर की तरह कोई कार्रवाई होगी या पुलिस विभाग अपने कार्मियों पर मेहरबानी कर मामले को नजरअंदाज कर देगा।

मामला शाहजहांपुर के जलालाबाद कोतवाली का है शाहजहांपुर के पुलिस कप्तान एस. चन्नप्पा ने बीते कुछ ही दिनों में पूरे जिले भर में बेहतर पुलिसिंग के लिए क्षेत्राधिकारियों से लेकर थानों व कोतवाली में बड़ा फेरबदल करते हुए अधिकतम प्रभारी अधिकारियों और उपनिरीक्षकों के भी थानों में परिवर्तन किया।

इसी कड़ी में जलालाबाद में तैनात प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार को जलालाबाद कोतवाली से रिलीव कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाहजहांपुर वापस बुलाया गया उनके स्थान पर धीरेंद्र सिंह चौहान को जलालाबाद कोतवाल के पद पर नियुक्ति दी गई। शुक्रवार की दोपहर नवागत कोतवाल कोतवाली पहुँचे तो रवि कुमार ने प्रभार उन्हें सौंप कर शाहजहांपुर जाने की तैयारियां शुरू कर दी।

देर शाम तकरीबन 8 बजे कोतवाली में अचानक पुलिसकर्मियों की भीड़भाड़ देखने को मिली साथ ही नगर के कुछ नागरिक भी उस भीड़ का हिस्सा बन गए और फिर कोतवाल साहब की विदाई का कार्यक्रम शुरू किया गया जिसमें कोतवाल साहब ने बिना मास्क के शिरकत की तो अधिकतम पुलिसकर्मी शासन के सभी नियमों को भूल कोतवाल साहब को विदा करने पहुँच गए।

कार्यक्रम का आयोजन कोतवाली परिसर में ही किया गया। सभी ने कोतवाल साहब को फूल माला पहनाकर गले लगा कर विदाई दी। कार्यक्रम के फोटो लेकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किए गए। जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बने रहे।

संबंधित समाचार