मुरादाबाद : छात्राओं से छेड़खानी करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार हो गया था आरोपी
ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद),अमृत विचार। जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी शिक्षक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कई बार चकमा देने के बाद पुलिस ने उसे जसपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अनुदेशक पर स्कूल की नौ छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने …
ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद),अमृत विचार। जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी शिक्षक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कई बार चकमा देने के बाद पुलिस ने उसे जसपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अनुदेशक पर स्कूल की नौ छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया तो आरोपी अनुदेशक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
मामला ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के कालाझंडा स्थित जूनियर हाईस्कूल से जुड़ा हुआ है। यहां पर ग्राम दूल्हापुर सबलपुर निवासी इश्तियाक अहमद बतौर अनुदेशक के पद पर तैनात था। आरोप है कि वह स्कूल आने वाली छात्राओं के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर छात्राओं को नाम काटने की धमकी देता था। करीब एक माह तक छात्राओं ने अनुदेशक की इस हरकत को बर्दाश्त किया लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को जानकारी दी। बताते हैं कि जब परिजन शिक्षक के पास शिकायत लेकर पहुंचे तो वह झगड़ा करने पर आमादा हो गया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने ठाकुरद्वार कोतवाली में हंगामा किया था।
बाद में एक अभिभावक सोनू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक इश्तियाक के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। हालांकि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। वहीं पूछताछ में स्कूल की नौ छात्राओं ने शिक्षक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए अपने बयान दिए। एसपी देहात ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया। मोबाइल लोकेशन के हिसाब से गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं लगा। आखिरकार शुक्रवार को पुलिस ने इश्तियाक अहमद को जसपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को देखने के लिए उमड़ी भीड़
छात्राओं के साथ छेड़खानी कर गुरू जी की छवि को समाज में कलंकित करने वाले आरोपी शिक्षक इश्तियाक अहमद की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर कोतवाली में भीड़ उमड़ पड़ी। इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाले अनुदेशक को सभी देखने के लिए बेताब थे। हर कोई अनुदेशक की इस हरकत की निंदा कर रहा था। पूर्व सभासद राजेंद्र चंद पांडे का कहना था कि ऐसे व्यक्ति को समाज से बहिष्कार कर देना चाहिए। बताया जाता है कि आरोपी का करीब डेढ़ साल पहले निकाह हुआ था। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा दी गई दबिश से रिश्तेदार भी परेशान हो गए।
अब परिजनों को कराया जाएगा सेवा समाप्ति का नोटिस तामील
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छेड़खानी के आरोपी शिक्षक इश्तियाक अहमद की सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया है। हालांकि फरारी के कारण तामील नहीं हो सका था। इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी शिवम गुप्ता ने बताया कि उन्होंने स्कूल जाकर अनुदेशक पर लगे आरोपों की जांच की थी। छात्राओं के बयान दर्ज करने के बाद उन्होंने रिपोर्ट बीएसए को भेज दी थी7 जिस पर उन्होनें उसकी सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर उसका स्पष्टीकरण मांगा है। लेकिन फरार होने के कारण नोटिस तामील नहीं हो सका था। अब नोटिस उसके परिजनों को तामील कराया जाएगा।
पुलिस को कई बार दिया चकमा
छेड़खानी का आरोपी शिक्षक इश्तियाक अहमद ने पुलिस को कई बार चकमा दिया। जिस कारण उसके परिवार पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ता जा रहा था। गुरुवार को पुलिस उसकी गिरफ्तारी को लेकर आश्वस्त थी। यही वजह है कि सीओ ने प्रेस कांफ्रेंस की भी घोषणा कर दी थी। लेकिन ऐन वक्त पर वह पुलिस को चकमा दे गया था। दावा किया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी ने राजनीतिक दबाव बनाने की भी कोशिश की थी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: ट्रेन से कटकर युवक की मौत, मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त
