बरेली: बायोमेट्रिक हाजिरी के आधार पर मिलेगी एमडीएम की कंवर्जन काॅस्ट
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मिड डे मील) योजना में अब गलत छात्र संख्या बता कर खेल नहीं किया जा सकेगा। योजना में धांधली की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए शासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। योजना के मुताबिक स्कूलों को एमडीएम की दी जाने वाली कंवर्जन कास्ट अगले सत्र …
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मिड डे मील) योजना में अब गलत छात्र संख्या बता कर खेल नहीं किया जा सकेगा। योजना में धांधली की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए शासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। योजना के मुताबिक स्कूलों को एमडीएम की दी जाने वाली कंवर्जन कास्ट अगले सत्र से बायोमेट्रिक हाजिरी की संख्या के आधार पर दी जाएगी। जनपद के 25 सौ प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पांच लाख से ज्यादा छात्रों को रोजाना इस योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन मुहैया कराया जाता है।
फोन से दर्ज होती है छात्र संख्या
वर्तमान में योजना के अंतर्गत निगरानी के लिए लागू सिस्टम के तहत कंट्रोल रूम से आईवीआरएस (इंटरेक्टिव वाइस रिस्पांस सिस्टम) प्रणाली के जरिए हर शिक्षक के पास रोज कॉल पहुंचती है। फोन के जरिए शिक्षक छात्र संख्या दर्ज कराते हैं। इसी से औसत निकाल कर कंवर्जन काॅस्ट दी जाती है। आईवीआरएस लागू करते समय यह नियम बनाया गया था कि यदि निरीक्षण के समय आईवीआरएस पर बताई संख्या से कम बच्चे मिले तो कार्रवाई की जाएगी लेकिन इसमें भी खेल किया जाने लगा।
ऐसे होता है छात्र संख्या में खेल
विभागीय सूत्रों के मुताबिक फोन पर स्कूल में मौजूद छात्र संख्या से ज्यादा छात्रों की संख्या बताई जाती है। जबकि वास्तविक तौर पर बताई जा रही छात्र संख्या से काफी कम रहती है। इस पर रोक लगाने के लिए स्थानीय अधिकारी भी स्कूलों का औचक निरीक्षण करते हैं। इसके बावजूद पूरी तरह से इस धांधली पर रोक नहीं लग पा रही है।
शासन की ओर से बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। इसे व्यवस्था के लागू होने से यह प्रक्रिया आसान और लाभप्रद भी रहेगी—विनय कुमार, बीएसए।
यह भी पढ़ें- बरेली: घर से नाराज होकर युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
