बरेली मंडल को लखनऊ हाईकोर्ट बेंच से जोड़ने को बनाई रणनीति
बरेली,अमृत विचार। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच से बरेली मंडल को जोड़ने की मांग को लेकर आंदोलित संघर्ष समिति की एक बैठक मंगलवार को कचहरी में वरिष्ठ अधिवक्ता अमजद सलीम के चैम्बर में हुई। बैठक का एजेंडा मंडल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से जोड़ने को लेकर रणनीति बनाना था। संघर्ष समिति के …
बरेली,अमृत विचार। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच से बरेली मंडल को जोड़ने की मांग को लेकर आंदोलित संघर्ष समिति की एक बैठक मंगलवार को कचहरी में वरिष्ठ अधिवक्ता अमजद सलीम के चैम्बर में हुई। बैठक का एजेंडा मंडल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से जोड़ने को लेकर रणनीति बनाना था।
संघर्ष समिति के संस्थापक व संयोजक अधिवक्ता अमजद सलीम ने कहा कि बरेली मंडल का अधिवक्ता आम जन को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। जनता को न्याय दिलाने की लड़ाई पूरे दम खम से लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संघर्ष समिति की कार्यकारिणी का गठन कर प्रभावी आंदोलन की नींव रखी जायेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल माथुर ने कहा कि आम आदमी को सस्ता व सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जाना संविधान प्रदत्त अधिकार व सरकारों का कर्तव्य है। सरकारों की उदासीनता के चलते अब तक आम आदमी को न्याय पाने के लिए इलाहाबाद तक चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस लम्बी यात्रा के चक्कर मे आम आदमी न्याय से वंचित रह जाता है। अब आवश्यकता है कि अधिवक्ता आगे आएं और आम जनता को सस्ता व सुलभ न्याय उपलब्ध कराएं।
बैठक में तय हुआ कि संघर्ष समिति की आगामी बैठक में कार्यकारिणी की घोषणा कर जिले के जनप्रतिनिधियों को इस सम्बंध में जागरूक करने के लिए उनसे मुलाकात कर इस संबंध में अपनी मांग रखी जाएगी। इस मौके पर शशीकांत शर्मा, स्वामी चरण सत्संगी, जाहिद अली खां, महेंद्र बाथम, अश्विनी राना, मिर्जा हन्नात बेग, उमंग रावत, शकील अहमद, वसीम अंसारी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
