बरेली: 10 मिनट में तय होगा एक घंटे का सफर, 18 करोड़ से संवरेगी सड़क की सूरत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली , अमृत विचार। अटामांडा-धौराशाही से मिर्जापुर मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी सड़क की सूरत संवारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही निर्माण …

बरेली , अमृत विचार। अटामांडा-धौराशाही से मिर्जापुर मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी सड़क की सूरत संवारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

अटामांडा-धौराशाही मार्ग मिर्जापुर होते ही बल्लिया-शीशगढ़ मार्ग में जुड़ता है। अटामांडा-धौराशाही- मिर्जापुर मार्ग की हालत खराब है। करीब साढ़े सात किलोमीटर की दूरी में सड़क चलने लायक नहीं है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। आवाजाही में लाेगों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। इसको ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता नारायण सिंह ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।

करीब साढ़े सात किलाेमीटर जर्जर सड़क को चलने के लायक बनाने के लिए विभाग ने शुरुआती प्रक्रिया की है। इतनी दूरी में सड़क का निर्माण करने में करीब 18 करोड़ की लागत आएगी। विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर मुहर लगने का इंतजार हो रहा है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, इससे लाेगों को राहत मिलेगी।

विभागीय अफसरों के अनुसार कई बार मौके पर जाकर पड़ताल की गई। इतनी दूरी में जर्जर सड़क को पार करने में अभी करीब एक घंटे का समय लग जाता है, लेकिन सड़क बन जाने से यही सफर 10 मिनट में तय हो जाएगा। लोगों की जिंदगी भी रफ्तार भरने लगेगी।

साढ़े पांच मीटर की होगी सड़क, आसानी से गुजरेंगे वाहन
अटामांडा-धौराशाही से मिर्जापुर मार्ग अभी तीन मीटर की है, लेकिन सड़क के निर्माण के साथ ही इसका चौड़ीकरण होगा। अब साढ़े पांच मीटर की सड़क बनेगी, इससे लोगाें को आवागमन में आसानी होगी। अभी एक समय में दो वाहन सड़क पर एक-दूसरे को ओवरटेक करते हैं तो वाहन की रफ्तार काफी कम कर लेते हैं, ताकि कोई दिक्कत न हो, लेकिन साढ़े पांच मीटर की चौड़ी सड़क बन जाने से यह समस्या भी दूर हो जाएगी।

12 गांवों को मिलेगी राहत
इस मार्ग की सूरत संवरने से आसपास के करीब 12 गांवों के लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी के विभाग से जुड़े लोगों के अनुसार सड़क बनने से ये ऐसे 12 गांव हैं, जिन्हें सीधे राहत मिलेगी। इन गांवों के लोगों को इसी रास्ते से गुजरकर जाना होता है। जबकि अन्य भी लोगों को भी आसानी रहेगी।

हादसों पर लगेगी रोक
इस सड़क के निर्माण होने से आए दिन होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगेगा। सड़क के जर्जर होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। खासकर बाइक सवार अधिक हादसे का शिकार होते हैं। वह चोटिल होते हैं।

अटामांडा-धौराशाही से मिर्जापुर मार्ग अभी काफी जर्जर है। आवागमन करने में लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है। 18 करोड़ की लागत से सड़क बनेगी। सड़क का चौड़ीकरण भी होगा। सड़क बनने से साढ़े सात किलोमीटर की दूरी 10 मिनट में पूरी हो जाएगी। चीनी मिल जाने वाले गन्ना किसानों और राइस मिल से जुड़े लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी—नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड।

डालें एक नजर-

  • 50 हजार आबादी को सड़क बनने से मिलेगी राहत।
  • 1500 से 2000 के करीब वाहन रोजाना गुजरते हैं इस मार्ग से।
  • 200 से 250 बड़े वाहन गुजरते हैं।
  • 1000 से 1250 वाहन छोटे गुजरते हैं।
  • 250 बड़े वाहन रात में गुजरते हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: ब्याज पर रुपए लेना पड़ा भारी, चुकाने के बाद भी आरोपी कर रहे परेशान, SSP से लगाई गुहार

संबंधित समाचार