अयोध्या: डीजल के बाद उर्वरक व कीटनाशक दवाओं की कीमतों में भी उछाल
अयोध्या। अब खेती – किसानी भी महंगाई के चंगुल में फंस गई है। डीजल के दामों में बढ़ोतरी के साथ उर्वरक और कीट नाशक दवाओं में भी भारी उछाल आया है। पहले से चौतरफा संकट से जूझ रहे किसान हर तरह से पिसने को मजबूर हैं। खेतों और फसलों को बचाने के लिए किसानों द्वारा …
अयोध्या। अब खेती – किसानी भी महंगाई के चंगुल में फंस गई है। डीजल के दामों में बढ़ोतरी के साथ उर्वरक और कीट नाशक दवाओं में भी भारी उछाल आया है। पहले से चौतरफा संकट से जूझ रहे किसान हर तरह से पिसने को मजबूर हैं।
खेतों और फसलों को बचाने के लिए किसानों द्वारा प्रयोग में लाये जाने वाले खर पतवार और कीटनाशक दवाओं के दामों हुई भारी बढ़ोत्तरी किसानों के होश उड़ा रही है। कीटनाशक दवाओं की बढ़ी कीमतें खेती की आय को दूना तो नहीं लेकिन लागत जरूर बढ़ा रही हैं। खरपतवार और कीटनाशक दवाओं के मूल्यों में डेढ़ से दो गुना तक हुई वृद्धि का सीधा असर किसानों के बजट पर पड़ रहा है।
किसानों के अनुसार खाद और कीटनाशक के दाम में 150 से 200 रुपये तक की वृद्धि हुई है, जो कीटनाशक पहले 650 रुपये में मिल रहा था, वही अब 800 से 850 रुपये प्रति लीटर हो गया है। करीब 300 रुपये प्रति लीटर मिलने वाली घास को नष्ट करने वाली दवा का दाम अब 795 रुपये हो गया है।
पोटाश पहले 900 रुपये प्रति 50 किलोग्राम की बोरी मिलती थी, अब 1800 रुपये प्रति बोरी हो गया है। किसान राम आशीष, सोहनलाल विश्वकर्मा और अजीत चौबे का कहना है कि कृषि में काम आने वाले कीटनाशक और उर्वरक खरीदना महंगा हो गया है। इनके दाम में वृद्धि से खेती की लागत बढ़ गई है। जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें-पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार चौथे दिन भी उछाल, जानें आज कितने बढ़े दाम
