बरेली: ‘आप’ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, कहा- स्कूलों में सुविधाएं बहाल नहीं हुईं तो देंगे धरना
बरेली, अमृत विचार। सरकारी प्राथमिक स्कूलों की बदहाली से आक्रोशित आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को दामोदर स्वरूप पार्क में जुटे पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जिला प्रशासन से जर्जर व सुविधाविहीन स्कूलों को दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं पार्टी …
बरेली, अमृत विचार। सरकारी प्राथमिक स्कूलों की बदहाली से आक्रोशित आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को दामोदर स्वरूप पार्क में जुटे पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जिला प्रशासन से जर्जर व सुविधाविहीन स्कूलों को दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं पार्टी की रुहेलखंड उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने बताया कि प्रदेश भर में सरकारी स्कूलों की बेहद खराब स्थिति है। प्राथमिक स्कूल के बच्चों से बर्तन धुलवाए जा रहे हैं, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। स्कूलों में शौचालय की कमी और चारदीवारी भी नहीं है। नवाबगंज के विक्रमपुर स्थित प्राथमिक स्कूल की दशा बेहद खराब है।
एक माह में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराए प्रशासन
उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों के लिए यदि सभी सुविधाओं को जल्द दुरुस्त नहीं कराया गया तो वह कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ धरने पर बैठेंगी। इसके लिए एक माह का समय प्रशासन को दिया गया है। इसके बाद भी सुधार नहीं होने की स्थिति में वह आंदोलन को बाध्य होंगी। बताया कि प्रदर्शन करने व अधिकारियों को ज्ञापन देने के लिए उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। ज्ञापन देने वालों में रुहेलखंड प्रांत सचिव कृष्णा भारद्वाज, जिलाध्यक्ष राम सिंह मौर्य, नवाबगंज विधानसभा अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा, नीलेश गंगवार आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
