Road Safety World Series: सचिन की सेना से भिड़ने कानपुर पहुंचे ब्रायन लारा, आज श्रीलंका से इंग्लैंड का मुकाबला
कानपुर/अभिषेक वर्मा, अमृत विचार। शहर का ग्रीनपार्क रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज से गुलजार है। टी-20 मैच के लिए जिस खिलाड़ी का दर्शक इंतजार कर रहे थे उन्होंने कानपुर की धरती पर कदम रख दिया है। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी लीजेंड्स के कप्तान ब्रायन लारा सीरीज में हिस्सा लेने शहर आ चुके हैं। लारा और उनकी …
कानपुर/अभिषेक वर्मा, अमृत विचार। शहर का ग्रीनपार्क रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज से गुलजार है। टी-20 मैच के लिए जिस खिलाड़ी का दर्शक इंतजार कर रहे थे उन्होंने कानपुर की धरती पर कदम रख दिया है। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी लीजेंड्स के कप्तान ब्रायन लारा सीरीज में हिस्सा लेने शहर आ चुके हैं। लारा और उनकी टीम सचिन की सेना से 14 सितंबर को एतिहासिक ग्रीनपार्क में भिड़ेगी। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
पानी की वजह से कवर करनी पड़ी पिच
सोमवार को खेले गए मैच में न्यूजीलैंड की टीम शाम करीब 6:30 बजे ग्रीन पार्क पहुंची। सभी खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस की। साउथ अफ्रीका टीम भी मैदान में उतरने वाली थी, तभी बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम लौट गए। ग्रीन पार्क में पिच को कवर कर दिया गया।
जिसके बाद बारिश बंद होते ही मैच को समय से शुरू कर दिया गया। इससे पहले सुबह ग्रीनपार्क में न्यूजीलैंड लीजेंड्स के खिलाड़ियों ने 4 घंटे नेट प्रैक्टिस की। बैटिंग-बॉलिंग के साथ ही पिच को समझा। हालांकि, साउथ अफ्रीका लीजेंड्स के आगे न्यूजीलैंड टिक नहीं सकी।
शाम ढलती गई परवान चढ़ता गया
न्यूजीलैंड और अफ्रीका के मैच को देखने के लिए दर्शक अच्छी संख्या मे पहुंचे। जैसे-जैसे शाम ढली दर्शकों के कदम स्टेडियम की ओर बढ़ चले। ई-पब्लिक, सी स्टॉल, सी बॉलकनी, बी जनरल समेत वीआईपी सीटें रात तक भरती रहीं। हालांकि, लो स्कोर की वजह से कई दर्शक मैच को बीच में ही छोड़कर चलते बने। लेकिन इस बीच दर्शकों ने स्टेडियम में जमकर लुफ्त उठाया। हर चौके-छक्के और विकेट गिरने पर स्टेडियम में तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही थी।
आज श्रीलंका से भिड़ेंगे इंग्लैंड के लीजेंड्स
ग्रीन पार्क स्टेडियम में आज रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का पांचवा मैच खेला जाएगा। इंग्लैंड लीजेंड्स का सामना श्रीलंका लीजेंड्स से होगा। श्रीलंका लीजेंड्स ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स पर 38 रन की शानदार जीत दर्ज की थी। जिसके बाद उनका हौंसला बढ़ा हुआ है। श्रीलंकाई टीम दिलशान के शतक और अच्छी गेंदबाजी के दम पर एक उच्च स्कोरिंग मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराया था।
वहीं, व्यक्तिगत कारणों से इंग्लैंड लीजेंड्स के कप्तान इयान बेल पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि वह दूसरे मैच से उपलब्ध रहेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में क्रिस ट्रेमलेट इंग्लैंड लेजेंड्स की कमान संभालेंगे। अपने कप्तान बेल की अनुपस्थिति में, टीम में निकोलस कॉम्पटन, फिल मस्टर्ड, जेम्स टिंडल, रिक्की क्लार्क, स्टीफन पैरी, टिम एम्ब्रोस और दिमित्री मस्कारेनहास जैसे खिलाड़ी हैं।
इंग्लैंड और श्रीलंका ने टी20 इंटरनेशनल स्तर पर 13 मैचों में एक-दूसरे का सामना किया है और इनमें से, इंग्लैंड ने 9 जीते हैं जबकि श्रीलंका 4 मौकों पर विजयी हुई है। 2021 के संस्करण में, श्रीलंका और इंग्लैंड एक बार मिले थे, जिसे इंग्लैंड ने छह विकेट से खेल जीता था।
