प्रियंका का नया ठिकाना होगा लखनऊ, नजरें होंगी पूरे प्रदेश पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमित सिंह। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के दिल्ली में लोधी एस्टेट स्थित बंगले को खाली करने के नोटिस के बाद वे अब नया सियासी दांव चलने के मूड में हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी सूत्रों के मुताबिक अब वे दिल्ली नहीं लखनऊ का रुख करेंगी। खबर ये भी है कि उनके लिए यहां …

लखनऊ, अमित सिंह। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के दिल्ली में लोधी एस्टेट स्थित बंगले को खाली करने के नोटिस के बाद वे अब नया सियासी दांव चलने के मूड में हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी सूत्रों के मुताबिक अब वे दिल्ली नहीं लखनऊ का रुख करेंगी। खबर ये भी है कि उनके लिए यहां एक शानदार बंगले की साफ-सफाई भी हो चुकी है।

वे वहीं रूकेंगी। बताया जा रहा है राजधानी में रूकने के बाद से प्रियंका लोगों ने संपर्क साधने में कामयाब हो जाएंगी। यहां पर रहने के दौरान पूरे प्रदेश पर नजर रहेगी। इस दौरान कांंग्रेसी आसानी से अपनी बातों को प्रियंका तक पहुंचा सकेंगे।

उन्हे मुलाकात या अपनी बात रखने के लिए किसी भी बड़े नेताओं, करीबियों और बिचौलियों का सहयोग नहीं लेना होगा। कांग्रेसी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रदेश की जनता को भी प्रियंका से मिलने (अपनी बातों, परेशानियों और समस्याओं) को सामने रखने में किसी भी तरह की दिक्क्तों का सामना नहीं करना होगा।

लखनऊ में ठिकाना पूरे प्रदेश पर नजर
बताया जा रहा है कि लखनऊ तो सिर्फ ​प्रियंका के रहने का एक औपचारिक ठिकाना होगा। उनकी नजर तो प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों के 22 करोड़ मतदाताओं पर होगी। वह राजधानी में रहने के दौरान एक तीर से कई निशानों के साधने की तैयारी में हैं।

यहां पर रहने के दौरान प्रदेश के लोगों ने मुलाकात तो करेंगी ही उनकी दिक्क्तों परेशानियों को तो जानेंगी ही, साथ ही सरकार की गतिविधियों पर नजरे रखने के दौरान हमला करने के साथ ही जनता के रुखों को भी भांपनें की कोशिश करेंगी। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रियंका के यहां रुकने के बाद से प्रदेश के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में एक अलग तरह का उत्साह पैदा हो जाएगा।

वे मुखिया के साथ होने पर पूरे जोश के साथ 24 घंटे काम करेंगे। इस दौरान जनता के बीच कांग्रेस की छवि को एक बार फिर से निखारने में आसानी होंगी। वहीं कांग्रेसियों ने बताया कि प्रियंका के लखनऊ में ठिकाना होना के बाद कांग्रेस का जनाधार तो बढ़ेगा ही साथ में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा से ज्यादा की संख्या में प्रियंका से जुड़ने की कोशिश करेंगी। उन्हे इंदिरा के बाद प्रियंका में एक देश का ताकतवर और होनहार नेता नजर आएगा।

कौल हाउस में शिफ्ट होने की तैयारी
जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी वाड्रा अब राजनीतिक दृष्टिकोण से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना बेस बनाने की तैयारी में हैं। वे लखनऊ में मौजूद ‘कौल हाउस’ में शिफ्ट होंगी। ये बंगला इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का है। शीला कौल केंद्रीय कैबिनेट में मंत्री भी रह चुकी थीं और कांग्रेस की कद्दावर नेता थीं। लखनऊ में मौजूद उन्हीं के घर ‘कौल हाउस’ की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। माना जा रहा है प्रियंका गांधी वाड्रा इसी बंगले में शिफ्ट होंगी।

राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी
प्रियंका गांधी वाड्रा का दिल्ली से लखनऊ शिफ्ट होना चुनावी तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। वे चुनाव से पहले लखनऊ में रहकर यूपी के अलग-अलग जिलों में ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहती हैं। इस तरह आने वाले दिनों में वे और सक्रिय नजर आएंगी। अपनी शादी के बाद, इंदिरा गांधी भी अपने पति फिरोज के साथ लखनऊ आ गईं थी। वे चारबाग रेलवे स्टेशन के पास एपी सेन रोड के एक बंगले में रहती थीं।

एक अगस्त तक खाली करना है दिल्ली का बंगला
मोदी सरकार ने कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करने को कहा है। प्रियंका को ये बंगला एक अगस्त तक खाली करना है. एसपीजी सुरक्षा हटने के चलते बंगला खाली करना होगा। इस बाबत मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स की ओर से नोटिस जारी किया गया है। प्रियंका 20 वर्षों से परिवार के साथ इसी बंगले में रह रही हैं।

प्रियंका गांधी को मिले नोटिस पर कांग्रेस नाराज
दूसरी तरफ कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुये लिखा कि भाजपा व मोदी सरकार की कांग्रेस नेतृत्व से अंधी नफरत तथा प्रतिशोध की भावना जग जाहिर है। अब तो वह और ओछी हरकतों व हथकंडों पर उतर आए हैं। प्रियंका जी का मकान खाली कराने का नोटिस मोदीजी-योगीजी की बेचैनी दिखाता है। यही नहीं सुरजेवाले ने कहा कि कुंठित सरकार के तुगलकी फैसलों से हम डरने वाले नहीं हैं।

संबंधित समाचार