मुंबई इंडियंस के हेड कोच बने मार्क बाउचर, वर्ल्ड कप के बाद छोड़ेंगे अफ्रीकी टीम का साथ

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस (MI) ने अगले सीजन के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी पूर्व श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने संभाल रहे थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें प्रमोशन दे दिया है। …

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस (MI) ने अगले सीजन के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी पूर्व श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने संभाल रहे थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें प्रमोशन दे दिया है। मुंबई फ्रेंचाइजी ने जयवर्धने को ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस के पद पर नियुक्त किया है। वहीं मार्क बाउचर फिलहाल दक्षिण अफ्रीका की नेशनल टीम के कोच हैं। मार्क बाउचर ने हालांकि एलान कर दिया था कि वह टी20 वर्ल्ड कप के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के कोच का पद छोड़ देंगे।

 

‘मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच नियुक्त किया जाना सौभाग्य की बात’
बाउचर ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच नियुक्त किया जाना सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुंबई इंडियंस का इतिहास और उपलब्धियां उसे खेल जगत की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करते हैं। मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं।’’ दुनिया के सबसे सफल विकेटकीपरों में से एक बाउचर के नाम पर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शिकार का रिकॉर्ड दर्ज है। बाउचर संन्यास लेने के बाद दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष स्तर की क्रिकेट फ्रेंचाइजी टाइटंस के कोच बने थे। उनके रहते हुए टाइटंस ने पांच घरेलू खिताब जीते। उन्हें 2019 में दक्षिण अफ्रीका का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, जहां उनके नाम पर टेस्ट मैचों में 11, वनडे में 12 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 23 जीत दर्ज हैं।

‘मुंबई इंडियंस की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएंगे’
रिलायंस जिओ के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस में मार्क बाउचर का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। मैदान के अंदर और बाहर उन्होंने अपनी विशेषज्ञता साबित की है और उम्मीद है कि वह मुंबई इंडियंस की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएंगे।’’

साउथ अफ्रीका टीम के हेड कोच हैं बाउचर
हाल ही में बाउचर साउथ अफ्रीका की नेशनल टीम के हेड कोच हैं। हालांकि उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। वह अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद अफ्रीकी टीम की कोचिंग छोड़ देंगे। नेशनल टीम की कोचिंग से पहले मार्क बाउचर साउथ अफ्रीका के घरेलू क्रिकेट में भी कोचिंग कर चुके हैं।

मुंबई ने सबसे ज्यादा पांच बार आईपीएल खिताब जीता
मार्क बाउचर अगले आईपीएल 2023 सीजन में मुंबई टीम को छठी बार खिताब जिताने के इरादे से उतरेंगे। मुंबई इंडियंस ने अब तक आईपीएल में सबसे ज्यादा पांच बार खिताब जीता है। मुंबई टीम 2013, 2015, 2017, 2019, 2020 में चैम्पियन बनी थी। दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स है, जिसने चार बार खिताब जीता।

मार्क बाउचर के सामने है चुनौती
महेला जयवर्धने 2017 से मुंबई इंडियंस के कोच थे और उनकी अगुवाई में टीम तीन बार आईपीएल विजेता बनने में कामयाब रही। हालांकि बीते दो सीजन से मुंबई इंडियंस की टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। आईपीएल में भी मुंबई इंडियंस की टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। टीम के पास अब हार्दिक पांड्या नहीं है। मार्क बाउचर के सामने टीम को आईपीएल में दोबारा खड़ा करने की चुनौती होगी।

ये भी पढ़ें : भारत के 76वें ग्रैंडमास्टर बने प्रणव आनंद