बरेली: सामुदायिक संक्रमण की तरफ बढ़े, शहर में तेजी से कोरोना फैला
राकेश शर्मा, बरेली। वैश्विक महामारी कोविड 19 का संक्रमण शहर में तेजी से फैल रहा है। जून माह से हालात काफी बिगड़े हैं। 12 संक्रमितों की मौत हो गई। संक्रमितों का आंकड़ा भी 300 के पार पहुंच गया है। 1 जुलाई को निकले 48 संक्रमितों की संख्या देख लग रहा है कि सामुदायिक संक्रमण के …
राकेश शर्मा, बरेली। वैश्विक महामारी कोविड 19 का संक्रमण शहर में तेजी से फैल रहा है। जून माह से हालात काफी बिगड़े हैं। 12 संक्रमितों की मौत हो गई। संक्रमितों का आंकड़ा भी 300 के पार पहुंच गया है। 1 जुलाई को निकले 48 संक्रमितों की संख्या देख लग रहा है कि सामुदायिक संक्रमण के हालात बन रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की चेन ढूंढने में पूरी तरह नाकाम दिख रहा है। यहां तक की संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन भी फेल नजर आ रहा है। अब संदिग्धों के साथ संक्रमितों की रिपोर्ट भी एक से दो दिन तक छुपाई जाने लगी है। हाल ही में कई मामले सामने आए, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की काफी किरकिरी भी हुई।
जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय की ओर से शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट के अनुसार 30 जून तक मिले संक्रमितों के मद्देनजर जनपद में 62 हॉटस्पॉट बने हुए हैं। शहर का बारादरी एरिया कोरोना से ज्यादा प्रभावित है। बारादरी के 15 मिलाकर शहर में ही 43 हॉटस्पॉट हैं।
जनपद के 12482 मकानों में करीब 100000 की आबादी घरों में कैद है। हॉटस्पॉट वाले एरिया में 193 संदिग्ध भी हैं। जबकि 248 केस पॉजिटिव हैं। इसमें 1 जुलाई को मिले 48 संक्रमितों केे एरिया के हॉटस्पॉट शामिल नहीं हैं। हालांकि, सामुदायिक संक्रमण की तरफ बढ़ रहे कोरोना को लेकर कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
वीआईपी कॉलोनियां बनीं हॉटस्पॉट
आवास विकास कालोनी, रामपुर गार्डन, ब्रजलोक कॉलोनी, नंदी हाईट नियर सूर्या बैंक्वेट हाल के पास, राजेंद्र नगर, तिरुपति बिहार, पवन बिहार कालोनी, रामवाटिका, राधाकुंज कालोनी, आकाश पुरम, आशीष रायल पार्क।
शहर की अन्य कॉलोनियां सील
बड़ा बाजार, आजमनगर, बिहारीपुर करोलान, वासरनगर, शाहबाद, सुर्खा कालोनी बीसी बैंक, मिलन मैरिज हॉल, सदभावना कालोनी, चौधरी तालाब बानखाना, कन्हैया टोला बड़ा बाजार, जखीरा, अशोक बिहार साहूकारा, खन्नू मोहल्ला, विश्वनाथपुरम वार्ड 12, अनुपम नगर, जंक्शन स्टेशन रोड, ग्राम अटरिया, वाकरनगर, राधौंपुर, कस्बा सीबीगंज, राजनगर कालोनी, मोहल्ला चक नवादा, जोगीनवादा, शहदाना, काजीटोला कैथ के पेड़ के पास, जगतपुर काली मंदिर, हनुमान मंदिर गंगापुर, आनंद बिहार, नवादा शेखान, पुराना शहर, आलोकनगर एयरफोर्स रोड, शेरपुर राजीव इन्क्लेव।
देहात में यहां फैला है संक्रमण
बहेड़ी में गुरूवारा, इस्लामनगर, शीशगढ़ में अगवारा, कस्बा शीशगढ़, देवरनिया में कानूनगोयान, सिंगतारा, आंवला में अववानपुर, मोहल्ला गज कुरेशियान, भमौरा में बड़राई कुईया, फतेहगंज पश्चिमी में भिटोरा, फरीदपुर में उत्तगंज पूर्वी, भूरे खां की गौटिया, फतेहगंज पूर्वी में ग्राम पडरा, अत्तू नगला नई बस्ती, नवाबगंज में गांधी टोला, मुझैना संतोष, मोहल्ला कैलाश नगर, भोजीपुरा में रूपनगर गौटिया, क्योलड़िया में कुंवरपुर करीम जान।
बारादरी में ज्यादा लोग संक्रमित, 15 हॉटस्पॉट हैं यहां पर
कोरोना से शहर का बारादरी एरिया ज्यादा प्रभावित है। पूरे इलाके में 15 हॉटस्पॉट हैं। जबकि कोतवाली एरिया में पांच, प्रेमनगर में सात, कैंट में दो, किला में पांच, सुभाषनगर में तीन, सीबीगंज में चार और इज्जतनगर में दो हॉटस्पॉट बने हुए हैं।
