बरेली: तमिलनाडु, झारखंड-बिहार की EVM कराएंगी निगम चुनाव, DM ने एडीएम सिटी को सौंपी जिम्मेदारी
बरेली,अमृत विचार। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 दिसंबर में कराए जाने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसके चलते सरकारी मशीनरी की भी सक्रियता नजर आ रही है। प्रशासन ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम सीमा क्षेत्र में ईवीएम से चुनाव कराया जाएगा, जबकि नगर पालिका और नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में वोटिंग …
बरेली,अमृत विचार। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 दिसंबर में कराए जाने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसके चलते सरकारी मशीनरी की भी सक्रियता नजर आ रही है। प्रशासन ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम सीमा क्षेत्र में ईवीएम से चुनाव कराया जाएगा, जबकि नगर पालिका और नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में वोटिंग बैलेट से होगी। नगर निगम चुनाव के लिए तमिलनाडू, झारखंड और बिहार राज्य के 15 जनपदों से ईवीएम लाई जानी हैं।
ईवीएम मंगाने की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी नगर डा आरडी पांडेय को सौंपी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने ईवीएम के नोडल बनाए गए। एडीएम सिटी को 20 से 30 सितंबर के बीच में ईवीएम प्राप्त कर बरेली लाने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नगर को पत्र लिखकर कहा है कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत उपरोक्त राज्यों के जनपदों से ईवीएम (बीईएल-एम2) का आवंटन बरेली के लिए हुआ है। कहा कि बिहार, झारखंड और तमिलनाडु के जनपदों से ईवीएम मंगाने के लिए टीमों का गठन करते हुए चयनित अधिकारियों, कर्मचारियों के नाम, पदनाम एवं उनके मोबाइल नंबर की सूची एवं वाहनों की जरूरत की सूचना उपलब्ध करा दें।
छोटे-बड़े 10 कंटेनर जीपीएस के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि ईवीएम लाने के लिए सुरक्षा के दृष्टिगत सशस्त्र पुलिस बल तैनात करें। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को निर्देश जारी किए हैं कि ईवीएम प्राप्त करने के लिए पांच बड़े (पूर्ण बंद 32 फिट) एवं पांच छोटे (पूर्ण बंद 22 फिट) कंटेनर मय जीपीएस की उपलब्धता कराएं।
आंवला, फरीदपुर और नवाबगंज में सीमा विस्तार, अवरुद्ध होगा पुनरीक्षण कार्य
नगर निकाय चुनाव की प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गईं हैं। 20 सितंबर से वोटों का पुनरीक्षण भी शुरू हो जाएगा। इसकी तैयारी जनपद स्तर पर कर ली गई है। हर बूथ पर बीएलओ बैठेंगे और घर-घर जाकर भी वोट बनाएंगे, लेकिन जिन नगर पालिका परिषद के क्षेत्रों में सीमा विस्तार हुआ है, वहां पुनरीक्षण 5 अक्टूबर से शुरू होगा। इसमें जनपद की आंवला, फरीदपुर और नवाबगंज नगर पालिका भी आती है। यहां सीमा विस्तार क्षेत्र का निर्धारण होने के बाद ही पुनरीक्षण कार्य शुरू होने की बात कही जा रही है। 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक पुनरीक्षण कार्य चलेगा। इतने कम समय में पुनरीक्षण कार्य पूरा कराने को लेकर भी अधिकारी असमंजस में हैं।
ये हैं तीन राज्यों के 15 जनपद, यहां से आनी हैं ईवीएम
बिहार राज्य के जनपद पश्चिम चंपारण से 1021 सीयू, मुजफ्फरपुर से 1109 सीयू, तमिलनाडु राज्य के जनपद शिवगंगा से 1163 बीयू, नमक्कल से 840 बीयू, तिरूवल्लुर से 1248 बीयू,चेंगलपट्टु से 212 बीयू, एरोदे से 100 बीयू, कोयंबतूर से 366 बीयू और मदुरै से 11 बीयू लानी हैं। झारखंड राज्य के जनपद देवघर से 8 बीयू, जामताड़ा से 276 बीयू, रामगढ़ के 112 बीयू, चतरा से एक बीयू, सिमडेगा से 2 बीयू और पश्चिमी सिंह भूमि से 202 बीयू आनी हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब घर बैठे डाक विभाग उपलब्ध कराएगा सबरीमाला का प्रसाद, जानें कैसे करें ऑर्डर
