राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के समर्थन में प्रस्ताव पारित
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) की बैठक शनिवार को यहां हुई जिसमें राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थन में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के बाद खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। खाचरियावास ने कहा कि राहुल गांधी को (पार्टी …
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) की बैठक शनिवार को यहां हुई जिसमें राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थन में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के बाद खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
खाचरियावास ने कहा कि राहुल गांधी को (पार्टी का राष्ट्रीय) अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया जो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रखा। सबने हाथ उठाकर इसका समर्थन किया।’ इसके साथ ही खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और एआईसीसी सदस्यों की नियुक्ति का अधिकार पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया गया। इस बारे में भी एक प्रस्ताव पारित किया गया।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के राज्य प्रभारी अजय माकन, संगठन चुनाव अधिकारी (पीआरओ) राजेंद्र कुंपावत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व राज्य के विभिन्न जिलों से पार्टी के डेलीगेट्स शामिल हुए।
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से लगातार इनकार कर रहे हैं तो वहीं इस पद के लिए राजस्थान से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक, सांसद शशि थरूर और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम भी चर्चा में है। बताया जाता है कि इन्हीं नेताओं में से किसी एक के नाम पर मुहर लगेगी।
ये भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री माणिकराव गावित का निधन, नासिक जिले के अस्पताल में ली अंतिम सांस
