बरेली में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत, छह नए पॉजिटिव मिले
बरेली,अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जबकि छह नए पॉजिटिव मामले सामने आए। एक दिन में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद अब जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 15 …
बरेली,अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जबकि छह नए पॉजिटिव मामले सामने आए। एक दिन में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद अब जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 15 हो गया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम ने बताया कि शहर के इस्लामियां इंटर कॉलेज के पूर्व शिक्षक अफसर हुसैन, कोहाड़ापीर पर रिपेयर की शॉप चलाने वाले मोबिन हुसैन और माडल टाउन में रिक्खी सिंह इंटर कॉलेज के पीछे रहने वाले राजकुमार मृतकों में हैं। इनकी मौत उपचार के दौरान शुक्रवार को दोपहर बाद हुई।
बताया गया है कि कोरोना संक्रमित होने से पहले तीनों ही कई बीमारियों से ग्रस्त थे। इनमें राजकुमार उस युवक के पिता हैं, जिसने गुरुवार को अपने परिवार को भी भर्ती करने के लिए वीडियो वायरल किया था। तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार शनिवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में किया जाएगा। वहीं, शुक्रवार को जिले में संक्रमित मिले छह लोगों में दो रामपुर बाग के भी हैं।
वहीं संक्रमितों में रामपुर गार्डन के जानकी फ्लैट्स में रहने वाले शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी की पत्नी और बेटे भी शामिल हैं। दोनों व्यवसायी के संपर्क से संक्रमित माने जा रहे हैं। व्यवसायी के बेटे की उम्र 20 वर्ष है। मां-बेटे को आईवीआरआई से आई रिपोर्ट में पॉजीटिव पाए जाने की पुष्टि के बाद उन्हें उपचार के लिए एक कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा आंवला के उरला निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को आईवीआरआई की रिपोर्ट में पॉजिटिव पाया गया है। ट्रू नॉट मशीन से इज्जतनगर में आईवीआरआई के पास रहने वाले एक परिवार के 55 वर्षीय व्यक्ति को पॉजिटिव पाया गया है। वहीं, पीलीभीत के एक व्यक्ति को भी ट्रनॉट मशीन से संक्रमित पाया गया है।
सीएमओ डॉ. वीके शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार को आईवीआरआई से 362 लोगों की जांच रिपोर्ट आई थी। इनमें से दो में ही संक्रमण की पुष्टि हुई है। बाकी निगेटिव पाए गए हैं। उधर, शुक्रवार को 300 बेड अस्पताल में दो टीमों ने 162 संदिग्धों की स्क्रीनिंग की गई। अस्पताल में एमएमयू के माध्यम से 256 लोगों के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए आईवीआरआई भेजा गया है।
