स्मृति शेष : जिगर मंच पर खूब हंसा गए थे गजोधर भैया
मुरादाबाद,अमृत विचार। 12 साल पहले कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव ने शहर के जिगर मंच पर अपने फन से लोगों को हंसाकर लोटपोट कर दिया था। उनके इस कार्यक्रम का जादू आज भी लोगों के दिलों में कायम है। लेकिन अब अपने चहेते कलाकार के निधन से लोगों की आंखें भर आईं। 2012 में शहर के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। 12 साल पहले कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव ने शहर के जिगर मंच पर अपने फन से लोगों को हंसाकर लोटपोट कर दिया था। उनके इस कार्यक्रम का जादू आज भी लोगों के दिलों में कायम है। लेकिन अब अपने चहेते कलाकार के निधन से लोगों की आंखें भर आईं।
2012 में शहर के कंपनी बाग स्थित पंचायत भवन परिसर में जिगर मंच पर जिला जिला कृषि एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी आयोजित थी। इसमें अपनी प्रस्तुति देने कामेडी के बादशाह राजू श्रीवास्तव जो गजोधर भइया के नाम से लोकप्रिय थे वह आए थे। उन्होंने अपने अलग-अलग अंदाज में हास्य की प्रस्तुति से लोगों को पूरे समय हंसते हुए वाहवाही करने पर मजबूर किया। इस कार्यक्रम से शहर के लोग राजू के बड़े फैन बन गए। आज जब उनके निधन की खबर आईं तो मानों उनके चाहने वाले खामोश हो गए।
प्रदर्शनी समिति के सदस्य परवेज नाजिम ने 2012 में जिगर मंच पर प्रस्तुत किए गए राजू श्रीवास्तव के कार्यक्रम को याद करते हुए बताया कि उन्होने बैज लगाकार गजोधर भइया का स्वागत किया। उनकी गर्मजोशी आज भी तरोताजा कर जाती है। उनके कामेडी के अंदाज को जीवन भर नहीं भुला जा सकता है। वह एक नेक दिल इंसान थे। पहली ही मुलाकात में उनके अंदाज ने हमें उनका ही बना कर छोड़ा है। उनके निधन की खबर से स्तब्ध हुआ। दुनिया को हंसाने वाले कलाकार को इतना दर्द देकर लेकर दुनिया से जाना पड़ा यह सोच सिहर उठते हैं।
राजू के साथ दो फिल्मों में काम कर चुके है इम्तियाज
शहर के अधिवक्ता इम्तियाज हुसैन हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के साथ बतौर सहायक निर्देशक दो फिल्मों में काम कर चुके हैं। वर्ष 2007 में राज पेंडुरकर निर्देशित फिल्म बॉम्बे टू गोवा में राजू श्रीवास्तव ने एक लेखक का रोल किया था, जिसमें इम्तियाज हुसैन सहायक निर्देशक थे और वर्ष 2009 में कॉमेडियन सुनील पाल निर्देशित फिल्म भावनाओं को समझो में राजू ने एक ब्याज पर पैसे देने वाले मारवाड़ी का किरदार निभाया था। इम्तियाज इसके भी सहायक निर्देशक थे। वह कहते हैं कि राजू श्रीवास्तव असल जिंदगी में भी बहुत हंसमुख और हकीकत में जीने वाले व्यक्ति थे। स्टैंडअप कॉमेडियंस में सबसे पहला नाम जेहन में राजू श्रीवास्तव का ही आता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : निजी अस्पताल के कर्मचारियों ने प्रसूता के परिजनों को बेरहमी से पीटा, हंगामा
