बरेली में कोरोना से 16वीं मौत, पूर्व विधायक के भाई समेत 21 पॉजिटिव मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण से एक और मौत हो गई। यह जिले में संक्रमण से 16वीं मौत है। मृतका आजमनगर निवासी 75 वर्षीय कमर है। महिला को बुखार था। इलाज के दौरान दो दिन पहले ही इस महिला की मौत हो गई थी और उसे सुपुर्दे खाक किया जा चुका है लेकिन इलाज …

बरेली,अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण से एक और मौत हो गई। यह जिले में संक्रमण से 16वीं मौत है। मृतका आजमनगर निवासी 75 वर्षीय कमर है। महिला को बुखार था। इलाज के दौरान दो दिन पहले ही इस महिला की मौत हो गई थी और उसे सुपुर्दे खाक किया जा चुका है लेकिन इलाज के दौरान लिए गए सैंपल की पॉजिटिव जांच शनिवार को आईवीआरआई से आई तो स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। मृतका के अतिरिक्त के जिले में 21 नए संक्रमित मिले हैं।

शनिवार को जिले में मिले 21 नए संक्रमितों में रामपुर बाग के जानकी फ्लैट्स निवासी संक्रमित उद्यमी के परिवार की एक 45 वर्षीय महिला भी है। बता दें कि इस उद्यमी की पत्नी और बेटा भी दो दिन पहले संक्रमित पाए जा चुके हैं। वहीं, मुंबई से लौटी सुभाषनगर के पटेल बिहार लौटी 48 वर्षीय महिला और 20 वर्षीय युवती को भी पॉजिटिव पाया गया है।

राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 25 वर्षीय व्य‌क्ति, कोविड अस्पताल में भर्ती संजय नगर बाईपास की 59 वर्षीय महिला, राजेंद्र नगर के एक संक्रमित के परिवार की एक 30 वर्षीय युवक और 25 वर्षीय युवती, किला के एक संक्रमित रहे व्यक्ति के परिवार की 65 और 45 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिली हैं।

साहूकारा के संक्रमित रहे युवक के परिवार 49 वर्षीय बुजुर्ग, केजीएमयू में भर्ती रहे एक 40 वर्षीय व्यक्ति, दूल्हे मियां की मजार के पास रहने वाला 11 वर्षीय किशोर भी संक्रमित पाया गया है। धौरा टांडा का 28 वर्षीय युवक, ट्रूनाट से श्रीनाथ पुरम प्रेमनगर के 63 वर्षीय बुजुर्ग, मठ की चौकी बांस मंडी का रहने वाला 30 वर्षीय युवक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।

कारपोरेट लैब से रबड़ी टोला के 66 वर्षीय व्यक्ति, आजम नगर की 48 वर्षीय महिला, साधु बसावन पार्क के 25 वर्षीय युवक, फरीदपुर के फरखपुर के 30 वर्षीय युवती, परवेज नगर चौधरी तालाब के 60 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संपर्क में आने वालों की जानकारी सर्विलांस यूनिट जुटा रही है।

पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह के भाई भी हुए संक्रमित
बिथरीचैनपुर से बसपा के पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह के भाई देवेंद्र सिंह भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। बिथरीचैनपुर के ब्लॉक प्रमुख रहे देवेंद्र सिंह दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनके संक्रमित होने से समर्थकों में खलबली है। शुक्रवार को देर रात्रि यहां स्वास्थ्य विभाग को दिल्ली के उस अस्पताल से देवेंद्र सिंह को संक्रमित होने की जानकारी दी गई।

बताया गया कि देवेंद्र सिंह में कुछ दिन पहले कोरोना के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद उनका सैंपल जांच को आईवीआरआई भिजवाया गया था। वहां से आई रिपोर्ट में उन्हें तीन दिन पहले निगेटिव बताया गया था लेकिन उसके बाद भी जब उनमें लक्षण बने रहे तो उपचार के लिए वह दिल्ली जाकर एक बड़े अस्पताल में भर्ती हो गए। वहां निजी लैब से कराई गई कोरोना जांच में देवेंद्र सिंह पॉजीटिव पाए गए। इसकी पुष्टि जिला सर्विलांस अधिकारी ने की है।

बता दें कि देवेंद्र सिंह के बड़े भाई पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह पहले से ही अस्वस्थ हैं। उनकी हालत पिछले कुछ वर्षों से खराब चल रही है। बताया जाता है कि विधायक अपने निवास पर ही रहते हैं। वह बोल नहीं पाते हैं, लोगों के मुताबिक शुरू-शुरू में लिखकर वह बात करते थे।

बगैर कोविड गाइडलाइन के महिला को किया सुपुर्दे खाक
आजमनगर की रहने वाली बुजुर्ग महिला एक जुलाई को शहर के निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंची थी। वहां पर इलाज शुरू करने से पहले महिला को कोविड टेस्ट रिपोर्ट लाने को कहा गया था। उसी दिन परिजनों ने कारपोरेट लैब से महिला के सैंपल की जांच कराई मगर अगले ही दिन दो जुलाई को उसकी मौत हो गई। उसी दिन बगैर किसी एहतियात के महिला को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम परिजनों से जनाजे में शामिल हुए लोगों की जानकारी जुटा रही है। अब उनके भी सैंपल लिए जा रहे हैं।

तीन सौ बेड में स्क्रीनिंग, 290 सैंपल लिए
संदिग्ध संक्रमितों के बाबत चल रही तीन सौ बेड अस्पताल में स्क्रीनिंग में शनिवार को दो टीम ने 175 संदिग्ध रोगियों की जांच की। दूसरी ओर, एमएमयू प्रभारी अभिषेक त्यागी के निर्देशन में टीम ने अभियान चलाकर फरीदपुर में 31, भमोरा में 61, नवाबगंज में 62 और शहर से 36 सैंपल लिए। एमएमयू की ओर से लिए गए 186 और तीन सौ बेड अस्पताल में लिए गए करीब सौ सैंपल रविवार को जांच के लिए आईवीआरआई भेजे जाएंगे।

दो टीमों ने 157 संदिग्धों की स्क्रीनिंग
सीएमओ डा.वीके शुक्ल ने बताया कि शनिवार को 300 बेड अस्पताल में दो टीमों ने 157 संदिग्ध रोगियों की स्क्रीनिंग की, इसके साथ ही एमएमयू के माध्यम से 290 लोगों के सैंपल लिए गए। सभी एकत्रित सैंपलों को जांच के लिए आईवीआरआई भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार