मुरादाबाद में एटीएम काटकर 18 लाख की लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेखौफ लुटेरों ने मुरादाबाद में कांठ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बना लिया। कार सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने पहले एटीएम के पास वाली बिल्डिंग में तैनात दो गार्ड को गन प्वाइंट पर लेने के बाद वारदात को अंजाम दिया। कटर से एटीएम काटने के बाद करीब पौने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेखौफ लुटेरों ने मुरादाबाद में कांठ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बना लिया। कार सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने पहले एटीएम के पास वाली बिल्डिंग में तैनात दो गार्ड को गन प्वाइंट पर लेने के बाद वारदात को अंजाम दिया। कटर से एटीएम काटने के बाद करीब पौने 18 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। गार्ड द्वारा एटीएम में लूट की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आईजी व एसएसपी फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। खुलासे में एटीएस को भी लगाया गया है।

सिविल लाइंस स्थित कांठ रोड पर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। शाखा के बाहर ही बैंक का एटीएम लगा है। शनिवार की शाम करीब 18 लाख रुपए एटीएम में रखे गए थे। बताते हैं कि रविवार की सुबह चार बजे कार सवार चार नकाबपोश बदमाश मौके पर आए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध देख पड़ोस की बिल्डिंग में तैनात गार्ड बृजपाल व आनंदी कुछ हरकत में आते, इससे पहले ही बदमाशों ने दोनों को गन प्वाइंट पर ले लिया।

मोबाइल छीनने के बाद तीन बदमाश एटीएम के अंदर घुस गए। कैमरा और अलार्म खराब करने के बाद बदमाशों ने कटर से एटीएम काट लिया। उन्होंने करीब 17 लाख 74 हजार रुपए लूट लिए। बाद में दोनों गार्ड को धमकाते हुए बदमाश फरार हो गए। इसके बाद गार्ड ने इसकी सूचना भवन मालिक आशीष को दी उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

आनन-फानन में आईजी रमित शर्मा व एसएसपी अमित पाठक भारी फोर्स के साथ पहुंच गए। गार्ड से पूछताछ करने के बाद क्लू की तलाश में पुलिस ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। सूचना पर बैंक अफसर भी आ गए। आईजी रमित शर्मा ने बताया कि बैंक अफसरों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पांच टीमों को खुलासे में लगाया गया है। वहीं एटीएस के अफसरों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

संबंधित समाचार