झारखंड: कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार के दौरान पथराव, तीन घायल
जमशेदपुर। झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में भुइयांडीह स्वर्ण रेखा बर्निंग घाट पर रविवार को कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान विरोध कर रहे स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया …
जमशेदपुर। झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में भुइयांडीह स्वर्ण रेखा बर्निंग घाट पर रविवार को कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान विरोध कर रहे स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जमशेदपुर के एक अस्पताल में कोरोना संक्रमण से साकची की 88 साल की महिला एवं सोनारी खूंटाडीह के 71 साल के बुजुर्ग की शनिवार को मौत हो गई थी। स्थानीय प्रशासन ने तय किया कि भुइयांडीह सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पर शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय लोगों को जैसे ही कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार की जानकारी मिली तो उन्होंने इलाके में संक्रमण के फैलाव की आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
जमशेदपुर के भुइयांडीह चौक, जयप्रकाश नारायण बस टर्मिनल एवं बर्निंग घाट के समीप दंडाधिकारी के नेतृत्व में शनिवार से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इस बीच रविवार की सुबह प्रशासन जैसे ही शवों को लेकर बर्निंग घाट पहुंचा, लोगों ने अंतिम संस्कार का विरोध करना शुरू कर दिया।
इसी बीच लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद शवों का अंतिम संस्कार करवाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में दस से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
