IND vs AUS 3rd T20 : भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच निर्णायक मुकाबला आज, जानिए हैदराबाद के मौसम का हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज टी20 मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। तीन मैचों की टी20 सीरीज का यह आखिरी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.00 बजे से खेला जाएगा। सीरीज में दोनों टीमें फिलहाल 1-1 से बराबर हैं। पहले मुकाबले में जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत …

नई दिल्ली। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज टी20 मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। तीन मैचों की टी20 सीरीज का यह आखिरी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.00 बजे से खेला जाएगा। सीरीज में दोनों टीमें फिलहाल 1-1 से बराबर हैं। पहले मुकाबले में जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को चार विकेट से पराजित किया था। वहीं दूसरे टी20 मैच में भारत ने छह विकेट से जीत हासिल की थी। ऐसे में अब तीसरा मैच सीरीज के लिहाज से निर्णायक हो गया है।

ऐसा रहेगा हैदराबाद का मौसम
तीसरे टी20 मैच में भी बारिश थोड़ा बहुत खलल डाल सकती है। मैच के दौरान तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और हवा 19 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी। लगभग 59% बादल छाए रहने और वर्षा की संभावना 55% है। वैसे हैदराबाद में बारिश का अनुमान शाम पांच बजे के करीब जताया गया है और मैच के दौरान बारिश की संभावना काफी कम है। टॉस जीतने वाली टीम बिना संकोच जरूर बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।

पिच का मिजाज
हैदराबाद में पिछले तीन सालों से कोई टी20 मुकाबला नहीं हुआ है। हालांकि इससे पहले हुए टी20 मैचों में यहां अच्छे रन बने हैं। इस बार भी यहां खूब रन बनने के आसार हैं। पिच पर घास न के बराबर है ऐसे में गेंदबाजों को यहां रन रोक पाना मुश्किल हो सकता है।

फॉर्म में लौटना चाहेंगे चहल-हर्षल
निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत की निगाहें अपने दो प्रमुख गेंदबाजों हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल की फॉर्म पर टिकी रहेंगी। भारत ने नागपुर में दूसरे मैच में छह विकेट से जीत दर्ज करके श्रृंखला बराबर की लेकिन उसके लिए अपने गेंदबाजों विशेषकर हर्षल और चहल की फॉर्म चिंता का विषय है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप से पहले इन दोनों को फॉर्म में वापसी करते हुए देखना चाहेगी। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह की वापसी अच्छी खबर है। लेकिन, वरिष्ठ तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की खराब फॉर्म चिंता का विषय है। भुवनेश्वर को दूसरे टी20 मैच से बाहर बैठना पड़ा था।

टीम इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया: एरोन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, एश्टन एगर, पैट कमिंस, टिम डेविड, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, डेनियल सैम्स, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, एडम जम्पा।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव। मैच भारतीय समयानुसार सात बजे शुरू होगा।

ये भी पढ़ें : India vs Australia : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मैच में हर्षल पटेल-युजवेंद्र चहल की फॉर्म पर होंगी निगाहें

संबंधित समाचार