बरेली: परिजनों ने निकाह कराने से मना किया तो थाने पहुंचा प्रेमी युगल
बरेली,अमृत विचार। शहर के जगतपुर के प्रेमी-युगल ने परिवार की रजामंदी न होने पर शादी करने के लिए पुलिस थाने की शरण ले ली। दोनों रविवार को थाने पहुंच गए और बारादरी थाना प्रभारी से बोले- हम बालिग हैं, हमारा निकाह करा दो। पुलिस ने लड़के के पिता को बुला लिया और दोनों के निकाह …
बरेली,अमृत विचार। शहर के जगतपुर के प्रेमी-युगल ने परिवार की रजामंदी न होने पर शादी करने के लिए पुलिस थाने की शरण ले ली। दोनों रविवार को थाने पहुंच गए और बारादरी थाना प्रभारी से बोले- हम बालिग हैं, हमारा निकाह करा दो। पुलिस ने लड़के के पिता को बुला लिया और दोनों के निकाह के लिए उनकी रजामंदी की कोशिश की गई लेकिन वह अपनी सहमति के लिए तैयार नहीं हुए और लड़के को बेदखल करने की हिदायत देकर चले गए। हालांकि इसके बाद भी प्रेमी युगल साथ रहने की कसमें खाता रहा।
जगतपुर में रहने वाले आदिल ने बताया कि ढाई वर्ष पहले वह अपने मित्र को कॉल कर रहा था। गलती से कॉल मोहल्ले में रहने वाली एक युवती के मोबाइल पर चली गई। धीरे-धीरे दोनों बातें करने लगे। इसके बाद बातें प्यार में बदल गईं। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाईं।
उस वक्त युवक की उम्र 17 वर्ष और युवती की उम्र साढ़े 16 वर्ष थी। नाबालिग होने के कारण उनका निकाह नहीं हो सकता था, इसलिए इंतजार किया। जब दोनों की उम्र 18 साल से ज्यादा हो गई तो उन्होंने परिजनों से शादी की इच्छा जताई। लेकिन आदिल के पिता ने शादी कराने से इनकार कर दिया। धमकी दी कि यदि उसने युवती से निकाह किया तो वह उसको बेदखल कर देंगे।
आदिल का कहना है कि लड़की गरीब परिवार से है और उसकी मां दूसरों के घरों में झाड़ू पोछा लगाने का काम करती है। जबकि उसके पिता शादी में दहेज चाहते हैं, इसलिए गरीब लड़की से निकाह के लिए उन्होंने इनकार कर दिया।
समझाने पर भी जब आदिल के पिता नहीं माने तो वह युवती और उसकी मां को साथ लेकर बारादरी थाने पहुंचा और पुलिस कर्मियों से निकाह कराने की गुजारिश की। इस पर पुलिस ने आदिल के परिजनों को बुलाया और समझाया कि दोनों बालिग हैं, शादी हो जाने दें। लेकिन थाने में भी उन्होंने निकाह के लिए अपनी रजामंदी से इनकार दिया।
आदिल ने कहा कि यदि पिता बेदखल कर देंगे, तब भी वह उसी युवती से निकाह करेगा। मेहनत मजदूरी कर लेगा और बीवी का भरण पोषण कर लेगा। इसके बाद भी आदिल के पिता को दोनों की मोहब्बत रास नहीं आई और वे थाने से चले गए।
वहीं युवती अपनी मां के साथ चली गई। इंस्पेक्टर बारादरी शितांशु कुमार शर्मा ने बताया कि परिजन नहीं मान रहे थे। पुलिस कैसे शादी करा सकती है। हालांकि हंगामा होने की वजह से पुलिस ने आदिल का धारा 151 में चालान कर दिया।
