बांदा : नवदुर्गा के प्रथम दिन जन्मी सभी 10 बच्चियों का नाम शैलजा रखा गया
अमृत विचार,बांदा। मिशन शक्ति के अंतर्गत शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने अनूठी पहल की। नवेली बुंदेली कन्या जन्मोत्सव के तहत नवरात्र के पहले दिन जन्मी सभी दस कन्याओं का नाम शैलजा रखा। नवेली बुंदेली कन्या जन्मोत्सव नित नए आयाम स्थापित कर रही है। जिलाधिकारी की अगुवाई में अब तक 10 हजार …
अमृत विचार,बांदा। मिशन शक्ति के अंतर्गत शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने अनूठी पहल की। नवेली बुंदेली कन्या जन्मोत्सव के तहत नवरात्र के पहले दिन जन्मी सभी दस कन्याओं का नाम शैलजा रखा।
नवेली बुंदेली कन्या जन्मोत्सव नित नए आयाम स्थापित कर रही है। जिलाधिकारी की अगुवाई में अब तक 10 हजार से अधिक नवजात बच्चियों का जन्मोत्सव मनाया जा चुका है। सभी को जन्म प्रमाण के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जा चुका है।
नवरात्र के पहले दिन डीएम की अगुवाई में मंडलायुक्त आरपी सिंह, डीआईजी विपिन मिश्रा, एसपी अभिनंदन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना गुप्ता, एसडीएम सदर सुरभि शर्मा आदि ने जिला महिला अस्पताल में जन्मी दस कन्याओं का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया।
सभी बच्चियों के जन्मोत्सव पर अफसरों व नेताओं ने केक काटा। महिलाओं ने सोहर गीत गाकर खुशी का इजहार किया। इतना ही नहीं मंडलायुक्त आरपी सिंह ने नवरात्र के पहले दिन जन्म लेने वाली सभी बेटियों का नामकरण शैलजा के रूप में किया। उन्होंने डीएम के अभियान की सराहना की।
आयुक्त ने कहा कि इस अभियान से बेटा-बेटी में भेद करने वाले अभिभावकों को प्रेरणा मिलेगी और बेटी को बोझ समझने वाले परिवारीजन भी सबक ले सकेंगे। डीएम ने अभियान का उद्देश्य लैंगिक असमानता को दूर करने और बेटा-बेटी में भेदभाव को मिटाना है। कहा कि वास्तविकता यह है कि माता-पिता की देखरेख में बेटियां बेटों से कहीं आगे हैं, बस उन्हें समझने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें:- बहराइच: दुर्गा पूजा पर सुरक्षा व्यस्था पर की गई बैठक
