बरेली: शव हाईवे पर रखकर जाम लगाने का किया प्रयास
बरेली, अमृत विचार। किला थाना क्षेत्र में रहने वाले एक टेलर ने पत्नी की बेवफाई से परेशान होकर रविवार देर रात फंदे पर लटक कर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते थाना किला में तहरीर दी थी। सोमवार को पोस्टमार्टम …
बरेली, अमृत विचार। किला थाना क्षेत्र में रहने वाले एक टेलर ने पत्नी की बेवफाई से परेशान होकर रविवार देर रात फंदे पर लटक कर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते थाना किला में तहरीर दी थी।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने बरेली-रामपुर रोड पर शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मौके पर पहुंची किला पुलिस ने सभी को समझाकर रोड से हटा दिया।
किला क्षेत्र के जखीरा मोहल्ले में प्यारे मियां की कुइयां के पास रहने वाले इकबाल टेलर का काम करते थे। 15 दिन पहले उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी के अवैध संबंध जरीजरदोजी का काम कराने वाले एक ठेकेदार से हैं। आठ दिन पहले इकबाल ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौका पाकर ठेकेदार भाग निकला।
इसके बाद इकबाल ने पत्नी को बदनामी का वास्ता देकर समझाया, लेकिन वह नहीं मानी और पुराना शहर में मदीने शाह के इमामबाड़ा के पास स्थित अपने मायके चली गई। तब से इकबाल प्रति दिन पत्नी को बुलाने जाते थे। लेकिन वह नहीं आई। रविवार को पत्नी के आशिक ने इकबाल के साथ मारपीट भी की थी। इससे क्षुब्ध होकर इकबाल ने रविवार देर रात पत्नी के दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
घटना के बाद परिजनों ने इकबाल की पत्नी और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए किला थाने में तहरीर दी। गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को रामपुर बरेली हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची किला पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। साथ ही जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
