अयोध्या : मां कामाख्या नगर पंचायत क्षेत्र में भी अब बनेंगे पीएम आवास
अमृत विचार, अयोध्या। सिद्धपीठ मां कामाख्या के नाम से रुदौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत नवसृजित नगर पंचायत के लोगों का भी प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत अपना आशियाना बनवाने का सपना अब जल्द ही पूरा हो सकेगा। पीएम आवास योजना शहरी के अंतर्गत इस नगर पंचायत क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों का सर्वे शुरु हो गया …
अमृत विचार, अयोध्या। सिद्धपीठ मां कामाख्या के नाम से रुदौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत नवसृजित नगर पंचायत के लोगों का भी प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत अपना आशियाना बनवाने का सपना अब जल्द ही पूरा हो सकेगा। पीएम आवास योजना शहरी के अंतर्गत इस नगर पंचायत क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों का सर्वे शुरु हो गया है।
लगभग 20 हजार की आबादी वाली मां कामाख्या नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत मकान बन सकते हैं। मकान के लिए लाभार्थियो को ढाई लाख रूपए का अनुदान दिया जाता है। इस योजना के तहत आवेदन लिए जाने से पहले जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा लाभार्थियों का सर्वे किया जा रहा है।
परियोजना अधिकारी डूडा यामिनी रंजन ने बताया की एक सप्ताह में सर्वे कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सर्वे पात्र लाभार्थियों का पता लगाने के लिए हो रहा है। पीएमएवाई शहरी की पात्रता के लिए सबसे अनिवार्य होगा की लाभार्थी उसी नगर पंचायत क्षेत्र का निवासी हो।
उसका कहीं अपना मकान न हो, उसके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपए से अधिक न हो और भूमि स्वामित्व वाले ही पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि अब केवल पात्र लाभार्थियों के ही आवेदन लिए जाएंगे। पात्रता की जांच के बाद ही डीपीआर तैयार की जाएगी।
जनपद अयोध्या में एक नगर पालिका रुदौली है, वहीं तीन पुरानी और तीन नई कुल 6 नगर पंचायतें हैं। इनमे भदरसा, बीकापुर और गोशाईगंज पुरानी नगर पंचायत है जबकि कुमारगंज, सुचित्तागंज की खिरौनी तथा रुदौली की मां कामाख्या नगर पंचायत नवसृजित नगर पंचायतें है।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या: मनरेगा व पीएम आवास की तर्ज पर होगा सोशल ऑडिट
