बरेली: 98 संक्रमित छुपाकर दो दिन से लखनऊ भेज रहे पुरानी रिपोर्ट
बरेली,अमृत विचार। बरेली में कोरोना सामुदायिक संक्रमण की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में पुलिस प्रशासन को हॉटस्पॉट बनाने में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, ताकि संक्रमितों के एरिया में संक्रमण और न फैल सके। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। मंगलवार को पुलिस प्रशासन की जो तस्वीर सामने आई, वह बेहद चौंकाने …
बरेली,अमृत विचार। बरेली में कोरोना सामुदायिक संक्रमण की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में पुलिस प्रशासन को हॉटस्पॉट बनाने में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, ताकि संक्रमितों के एरिया में संक्रमण और न फैल सके। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। मंगलवार को पुलिस प्रशासन की जो तस्वीर सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है।
हॉटस्पॉट घोषित करने को लेकर बड़ा ही खेल खेला जा रहा है। 4 जुलाई तक घोषित हॉटस्पॉट की सूची ही शासन (लखनऊ) को कई दिन से भेजी जा रही है। मंगलवार को भी अपर जिलाधिकारी (नगर) महेंद्र कुमार सिंह की ओर से पुलिस द्वारा तैयार की गई पुरानी हॉटस्पॉट की सूची भेजी गई। इसमें सबसे बड़ा झोल 5 जुलाई को निकले संक्रमितों की संख्या कम दिखाने का आया है।
शासन को भेजी रिपोर्ट में बताया गया कि 5 जुलाई को सिर्फ 19 संक्रमित ही निकले। वो भी बाहर से सीधे अस्पताल पहुंचे थे। कुछ अस्पताल के कर्मचारी संक्रमित निकले, इस कारण हॉटस्पॉट नहीं बढ़ाए गए, जबकि उस दिन 49 लोग संक्रमित निकले थे लेकिन पुलिस प्रशासन ने एक भी हॉटस्पॉट नहीं घोषित किया।
आंकड़े छुपाने का खेल यहीं नहीं रूका। 6 जुलाई को भी 49 ही संक्रमित निकले मगर हॉटस्पॉट एक भी नहीं घोषित हुआ। इससे साफ जाहिर है कि पुलिस प्रशासन या तो हॉटस्पॉट के आंकड़े छुपा रहा है या फिर बरेली में कोरोना सामुदायिक संक्रमण का रूप ले चुका है और इसे छुपाने के लिए बड़े स्तर का खेल खेला जा रहा है। क्योंकि दो दिन में जो 98 संक्रमित सामने आए हैं, उनमें 50 से ज्यादा ऐसे केस हैं जो कैसे संक्रमित हुए, किसी को नहीं मालूम है।
स्वास्थ्य विभाग की जिला सर्विलांस टीम संक्रमितों की ट्रेेवल हिस्ट्री मालूूम करनेे का ढिंढौरा पीट रही है। वर्तमान में 262 मरीज पॉजिटिव हैं और जनपद मेंं हॉटस्पॉट महज 68 हैं। इनकी भी निगरानी महज खानापूरी से हो रही है। इसमें 29 केस वो शामिल हैं जो मंगलवार को सामने आए हैं।
कोरोना जांच धीमी गति से होने की वजह से भी फैल रहा संक्रमण
जनपद में कोरोना फैलने के कई कारण हैं। लोग बगैर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के भीड़भाड़ वाले स्थान पर घूम रहे हैं। इससे भी संक्रमित हो रहे हैं। वहीं कोरोना की जांच भी धीमी गति से हो रही है। मई से कोरोना तेजी से फैल रहा है और जनपद में अभी तक महज 9210 लोगों की जांच हुई थी। मंगलवार को 317 लोगों की जांच रिपोर्ट आईवीआरआई लैब से आई थी। जबकि 317 संदिग्धों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
464 पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, अब तो जाग जाएं
कोरोना के आंकड़े जून के शुरू होते ही इतनी तेजी से सामने आए कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, सेहत महकमा ज्यादा चिंतित हो उठा है। संक्रमितों की संख्या 464 पहुंच गई। इसमें 17 संक्रमितों की जान जा चुकी है। ऐसी स्थिति में भी हम लोग जागरूक नहीं हुए तो हालात हम सभी के लिए खतरनाक हो जाएंगे।
