कानपुर हादसा: गांव में सिर्फ राजू की बात, सब ठहराते रहे जिम्मेदार, बोले- आ गया तो मार देंगे
कानपुर, अमृत विचार। हादसे के बाद गांव में हर सख्श के मुंह पर राजू का नाम था। सभी उसको हादसे का दोषी ठहरा रहे हैं। घटना में बचने वालों में गांव का वीरेंद्र भी है। वह जबरदस्त गुस्से में है। वह ट्रैक्टर-ट्राली में बैठा हुआ था। वीरेंद्र ने बतायास कि राजू निषाद शराब पीकर ट्रैक्टर …
कानपुर, अमृत विचार। हादसे के बाद गांव में हर सख्श के मुंह पर राजू का नाम था। सभी उसको हादसे का दोषी ठहरा रहे हैं। घटना में बचने वालों में गांव का वीरेंद्र भी है। वह जबरदस्त गुस्से में है। वह ट्रैक्टर-ट्राली में बैठा हुआ था। वीरेंद्र ने बतायास कि राजू निषाद शराब पीकर ट्रैक्टर चला रहा था।
पीने के बाद सुध खो बैठा, बताया कि राजू ने उन्नाव में मंदिर जाने के दौरान भी शराब पी थी। फिर लौटते हुए भी चाय-नाश्ते के लिए गाड़ी रोकी थी। तब दोबारा शराब पी थी। मना करने के बावजूद ट्रैक्टर वही चला रहा था। कहा कि वही हादसे का जिम्मेदार है।
रामदुलारी ने बताया कि घटना के बाद राजू कूद गया और भाग गया। अगर मिल गया तो छोड़ेंगे नहीं, मार डालेंगे। हादसे का मुख्य आरोपी फरार है। जबकि उसकी पत्नी ज्ञानदेवी गंभीर हालत में हैलट में भर्ती है। हादसे के बाद से गांव के लोगों में राजू के प्रति जबरदस्त गुस्सा है। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम था कि राजू की गलती से यह सब हुआ है। मिल जाए, तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। पुलिस की एक टीम भी राजू को तलाशने के लिए लगा दी गई है।
राजू के दो बेटियों के बाद बेटा हुआ था। पत्नी ज्ञानवती ने डेढ़ साल पहले मन्नत मांगी थी कि बेटा होने पर चंद्रिका देवी आएंगे। बेटा हुआ, तो उन्होंने नवरात्र में मुंडन संस्कार कराने की तैयारी की थी। मगर, हादसा होने के बाद वही 7 महीने का बेटा अभि हैलट अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती है। वहीं, ज्ञानवती ने अपनी बेटी दीया और सास को हादसे में खो दिया है।
ज्ञानवती की बहन रामवती की बेटी रचना की भी हादसे में मौत हो गई है। उसके परिवार में अन्य 3 बहनों की भी मौत हो चुकी है। ज्ञानवती के परिवार के 12 लोगों की मौत हुई है। हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है और बदहवास है। ज्ञानवती ने बताया कि मेरे पति राजू का कोई पता नहीं है। जब ट्राली पलटी, तो लगा कि कुछ के हाथ-पैर टूटे होंगे। नहीं जानती थी कि इतने लोगों की मौत हो जाएगी।
यह भी पढ़ें :- कानपुर हादसा: हर तरफ चीत्कार, बहती रही आंसुओं की धार… कोरथा गांव में दिखा दर्दनाक मंजर
