अयोध्या: खाद्यान वितरण की अब होगी सख्त निगरानी
अमृत विचार, अयोध्या। विभिन्न योजनाओं के तहत होने वाले खाद्यान वितरण को लेकर डीएम ने सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यवेक्षण और नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में शिक्षक और नोडल के रुप में ग्राम पंचायत अधिकारी लगाए गए हैं। जिले के …
अमृत विचार, अयोध्या। विभिन्न योजनाओं के तहत होने वाले खाद्यान वितरण को लेकर डीएम ने सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यवेक्षण और नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में शिक्षक और नोडल के रुप में ग्राम पंचायत अधिकारी लगाए गए हैं। जिले के कुल 11 ब्लाकों में 900 पर्यवेक्षण व नोडल अधिकारी लगाए गए हैं जबकि शहरी क्षेत्र में कुल 93 को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एडीएम, एसडीएम व पूर्ति अधिकारी को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत वर्तमान में संचालित बहु वितरण चक्र के क्रम में किये जा रहे उठान एवं वितरण पर सतर्क दृष्टि रखने की जरूरत है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अनुमन्य खाद्यान्न लाभार्थियों को सम्पूर्ण मात्रा उपयुक्त गुणवत्ता के खाद्यान्न की प्राप्ति सुनिश्चित की जानी है। इसके लिए खाद्यान्न की रियल टाइम फीडिंग कराये जाने, खाद्यान्न की पहुंच की सूचना पूर्ति निरीक्षक द्वारा उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित चुने हुये जनप्रतिनिधियों एवं नोडल अधिकारियों को व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से दी जाए।
ठेकेदार द्वारा प्राप्त करायी गयी खाद्यान्न की मात्रा का मिलान सम्बन्धित पूर्ति निरीक्षक व विपणन निरीक्षक द्वारा खाद्यान्न डिलिवरी के स्थान पर किया जाए। इसी के चलते उचित दर दुकानों पर नोडल अधिकारियों के अलावा पर्यवेक्षण अधिकारी तैनाती की गई है। उनके द्वारा दुकानों पर आवंटित मात्रा के अनुरूप सम्पूर्ण मात्रा का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट दी जानी है। पर्यवेक्षणीय अधिकारी के समक्ष ही समस्त वितरण के निर्देश दिए गए हैं। वितरण किस माह की किस योजना का हो रहा है और उसके अन्तर्गत उपभोक्ता को खाद्यान्न की क्या अनुमन्यता है और कौन सा खाद्यान्न निःशुल्क वितरित हो रहा है इसकी पूरी जानकारी ली जाए।
यह भी पढ़ें.. सरयू में डूबने से बचाया गया सुल्तानपुर का युवक
