संभल: फिर मिली सिर कटी लाश, मां से अवैध संबंधों के चलते दो भाइयों की गला काट की हत्या
संभल, अमृत विचार। मंगलवार को रजपुरा थाना क्षेत्र में फिर एक सिर कटा शव मिला। क्षेत्र में शनिवार को भी एक सिर कटा शव मिला था। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी लेकिन बुलंदशहर जिले के थाना सलेमपुर की पुलिस यहां पहुंची तो पता चला कि शनिवार व मंगलवार को मिले दोनों शव चचेरे-तहेरे …
संभल, अमृत विचार। मंगलवार को रजपुरा थाना क्षेत्र में फिर एक सिर कटा शव मिला। क्षेत्र में शनिवार को भी एक सिर कटा शव मिला था। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी लेकिन बुलंदशहर जिले के थाना सलेमपुर की पुलिस यहां पहुंची तो पता चला कि शनिवार व मंगलवार को मिले दोनों शव चचेरे-तहेरे भाइयों के हैं। अपहरण के बाद इनकी सिर काट कर हत्या कर दी गई और धड़ सम्भल जिले की सीमा के भीतर फेंक दिये। बुलन्दशहर पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई है। हत्या में शामिल दिल्ली पुलिस का एक जवान भी है जो फरार है। तीनों हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अभी तक दोनों शवों के सिरों को तलाश नहीं कर पाई है।
थाना रजपुरा क्षेत्र में टी पाइंट चौकी क्षेत्र के गांव दीपपुर डाडा के जंगल में मंगलवार को एक सिर कटा शव मिला। थाना क्षेत्र में चार दिन के अंदर तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार को मिले शव का भी सिर कटा हुआ था। जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। मंगलवार को भी वैसा ही शव मिलने से पुलिस के माथे पर बल पड़ गए। स्थानीय पुलिस पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी कर रही थी कि जनपद बुलंदशहर के थाना सलेमपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बताया कि थाना क्षेत्र के गांव कैलावन निवासी नरेश पुत्र लक्ष्मण ने तीन अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि प्रार्थी पिछले कुछ वर्षों से थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में परिवार सहित रहते हैं। वहीं बाकी परिजन पैतृक गांव कैलावन में रहते हैं। मेरा बेटा भूपेन्द्र कुमार उर्फ गोलू रविवार (25 सितंबर) को कैलावन में भतीजे जगदीश उर्फ भूरा के साथ काली मां शोभायात्रा में शामिल होने के लिए गया था, लेकिन दोनों भाई शोभायात्रा देखकर घर नहीं लौटे । सलेमपुर पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों की तलाश में दो टीमें गठित की थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव के ही दुर्गेश पुत्र किशन गोपाल, मुकुल पुत्र वेदप्रकाश और लता शर्मा पत्नी किशन गोपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक भूपेन्द्र के लता शर्मा के साथ अवैध संबंध थे। दुर्गेश ने मृतक को कई बार अपनी मां लता शर्मा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
दुर्गेश, मुकुल ने अपने भाई तुषार शर्मा के साथ मिलकर शोभायात्रा से वापस आते समय दोनों भाइयों को अपने घर ले गए थे और मारपीट कर गाड़ी में बैठाकर थाना रजपुरा के जंगल में गला काटकर दोनों की हत्या कर दी थी और अलग अलग गांवों के जंगल में शवों को डाल दिया था। पहचान छिपाने के लिए शवों के सिरों को बोरी में बंद कर गंगा में फेंक दिया । मंगलवार को अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासे को बरामद करने के लिए पुलिस कैलावन के जंगल में पहुंची। वहां गंडासे के साथ अभियुक्त ने तमंचा भी छिपा कर रखा था।
आलाकत्ल बरामदगी के दौरान आरोपी दुर्गेश ने पुलिस पर तमंचे से फायर भी किया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी की गोली चलाई जो आरोपी को लगी । जिसे उपचार के लिए बुलंदशहर के जिला अस्पताल भेजा गया। बताया कि फरार चल रहा आरोपी तुषार शर्मा दिल्ली पुलिस में सिपाही है और उसने ही भूपेंद्र के फोन से उसके पिता को कॉल कर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बुलंदशहर पुलिस ने शनिवार को मिले जगदीश उर्फ भूरा के शव को रजपुरा पुलिस से अपने कब्जे में ले लिया। जिसका रजपुरा पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है। साथ ही मंगलवार को मिले शव को भी बुलंदशहर पुलिस को सौंप दिया गया है।
संभल जनपद की सीमा में न तो अपहरण हुआ और न ही हत्या। रजपुरा थाना क्षेत्र में दोनों के युवकों के सिर कटे शव मिले थे। जिनका रजुपरा पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की है। बुलंदशहर के थाना सलेमपुर में दोनों की गुमशुदगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज है। जो बाद में अपहरण कर हत्या के मामले में तरमीम हो गया। रजपुरा थाने में शनिवार को मिलने वाले शव का हत्या में मुकदमा दर्ज किया गया था। जो कि जनपद बुलंदशहर के थाने को उसी क्राइम नंबर पर चला जाएगा।-चक्रेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक
ये भी पढ़ें:- संभल: डिजायर ग्रुप के सामने जंगल में मिली सिर कटी लाश, मचा हड़कंप
