कानपुर हादसा: गंगा में लापता चार किशोरियों और एक युवक का शव मिला
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर के कोठीघाट पर गंगा नहाने के दौरान लापता हुए चार किशोरियों और एक युवक का शव पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किए। बुधवार को एक किशोरी का शव दोपहर में संजती बादशाहपुर गांव के पास जबकि दो के शव रात को नानामऊ में मिले। वहीं गुरुवार सुबह एक किशोरी …
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर के कोठीघाट पर गंगा नहाने के दौरान लापता हुए चार किशोरियों और एक युवक का शव पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किए। बुधवार को एक किशोरी का शव दोपहर में संजती बादशाहपुर गांव के पास जबकि दो के शव रात को नानामऊ में मिले। वहीं गुरुवार सुबह एक किशोरी और एक युवक का शव नानामऊ के पास से बरामद हुआ है।
बता दें कि मंगलवार दोपहर मामा संग गंगा नहाने गए भांजे-भांजियों समेत छह लोग कोठी घाट पर डूब गए थे। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से मामा सौरभ को कुछ देर बाद निकाल लिया था, लेकिन उसकी मौत हो गयी।
पांच हो गए थे लापता
कल्याणपुर निवासी स्व विनय कुमार की 15 वर्षीय बेटी अनुष्का, 12 वर्षीय बेटी अंशिका उर्फ मन्नू, हब्बापुरवा फर्रुखाबाद निवासी रामबाबू का 20 वर्षीय बेटा अभय, वंश प्रदीप की 17 वर्षीय बेटी तनुष्का उसकी 13 वर्षीय बहन अनुष्का लापता हो गई थी। पुलिस ने एसडीआरएफ, पीएसी समेत स्थानीय गोताखोरों की टीम लगाकर खोजबीन की थी।
लेकिन देर शाम तक लापता पांच लोगों का कोई सुराग नहीं लगा था। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू बंद कर दिया गया था। बुधवार को एसडीएम रश्मि लांबा, तहसीलदार लक्ष्मीनारायण बाजपेई, सीओ राजेश कुमार ने पांच टीमों को लगाकर सुबह 6 बजे से खोजबीन शुरू की। सुबह 9 बजे के बाद जिलाधिकारी विशाख जी, एडीएम वित्त राजेश कुमार व एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
एक बजे के बाद मिला पहला शव
बुधवार दोपहर डेढ़ बजे कल्याणपुर निवासी स्व विनय कुमार की बेटी अनुष्का का शव संजती बादशाहपुर गांव के पास गंगा किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। देर शाम लगभग साढ़े सात बजे नानामऊ घाट के पास एसडीआरएफ की टीम को स्व विनय कुमार की दूसरी बेटी अंशिका व हब्बापुर फर्रुखाबाद निवासी वंश प्रदीप की बेटी अनुष्का के शव उतराते दिखाई दिए।
टीम ने शव बाहर निकाले। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख बेहाल हो गए। वहीं, गुरुवार को सुबह दो शव मील हैं। पुलिस और एसडीआरएफ टीम का रेस्क्यू खत्म हो गया है। एसपी आउटर तेज स्वरूप ने बताया कि सभी लापता के शव मिल गए हैं। परिजन से पहचान करा शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें:-कानपुर हादसा: गांव में सिर्फ राजू की बात, सब ठहराते रहे जिम्मेदार, बोले- आ गया तो मार देंगे
