उप्र: दो दिनों तक पूरी तरह से बंद रहेगा पब्लिक ट्रांसपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के तहत चलने वाली रोडवेज बसों का ग्रामीण सेवा और अंतरजनपदीय संचालन दो दिनों तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में परिवहन निगम प्रशासन की ओर से एक पत्र प्रदेश भर के अधिकारियों को भेजा गया है। पत्र में लिखा है कि दस जुलाई की रात …

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम के तहत चलने वाली रोडवेज बसों का ग्रामीण सेवा और अंतरजनपदीय संचालन दो दिनों तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में परिवहन निगम प्रशासन की ओर से एक पत्र प्रदेश भर के अधिकारियों को भेजा गया है।

पत्र में लिखा है कि दस जुलाई की रात दस बजे से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक बसें नहीं चलेंगी। सिर्फ जिला प्रशासन के आदेश पर ट्रेन या हवाई जहाज से आने वाले यात्रियों को बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।  इसके लिए हर बस डिपो पर दस फीसदी बसें अरक्षित की गई है।

इस संबंध में शुक्रवार को रोडवेज के प्रबंध निदेशक डा.राजशेखर ने बैठक कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि अन्तर्जनपदीय बसों का संचालन दो दिन तक पूरी तरह बंद रहेगा। उधर बसों के नहीं चलने से यात्रियों का आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश में कोविड- 19 के बढ़ते मामले को देखते हुये बसों का संचालन भी बंद करने का निर्णय लिया गया है।

ऑटो-टेम्पो, ई- रिक्शा, सिटी बसें दो दिन नहीं चलेंगे
शहर में दो दिनों तक ऑटो-टेम्पो, ई रिक्शा और सिटी बसें नहीं चलेंगे। शुक्रवार को ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय में पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में ऑटो-टेम्पो, ई रिक्शा और सिटी ट्रांसपोर्ट के लोग मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आरटीओ प्रशासन रामफेर द्विवेदी ने कहा कि जिलाधिकारी के गाइड लाइन के मुताबिक शनिवार और रविवार को पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

सोमवार से ऑड-इवन से ऑटो-टेम्पो चलाने की तैयारी
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई की सोमवार से शहर में ऑटो-टेम्पो और ई रिक्शा ऑड-इवन नंबर से संचालित होंगे। इस संबंध में ऑटो-टेम्पो और ई रिक्शा से जुड़े पदाधिकारियों से संचालन व्यवस्था के बारे में रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए है। आरटीओ ने बताया कि यूनियन के लोगों को बुलाकर बातचीत की गई है। ऑटो यूनियन के अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में सवारियों की संख्या काफी कम है। आधे ऑटो-टेम्पो तो पहले से खड़े है। ऐसी स्थिति में ऑड-इवन नंबर से संचालन का कोई मतलब नहीं है।

लाकडाउन की जानकारी होते ही यात्रियों की जुड़ी बस अड्डो पर भीड़
दो दिनों तक लॉकडाउन की घोषणा के बाद शुक्रवार सुबह से ही बस अड्डों पर यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी हुआ तो देर शाम तक चलता रहा। कैसरबाग बस अड्डे के टिकट काउंटर पर टिकट लेने वाले यात्रियों की लंबी लाइनें लग गईं। सबसे ज्यादा सवारी गोंडा, बलरामपुर और बहराइच के बस पकड़ने पहुंचे। वहीं सहारनपुर, बरेली और दिल्ली बार्डर तक पहुंचाने के लिए यात्री बस के इंतजार में बैठे रहे।

स्टेशन इंचार्ज बताते है कि काफी दिनों बाद बस अड्डे भी सवारियों की भीड़ नजर आई। सभी सवारियों को बसें उपलब्ध कराकर गंतव्य जिलों तक भेजा जा रहा है। यही हाल शहर के चारबाग और आलमबाग बस अड्डे का भी रहा। जहां अधिकारी बस अड्डे पर मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए यात्रियों को बसें उपलब्ध कराई।

संबंधित समाचार