मुरादाबाद : अरे! यहां सड़कों में गड्ढे या गड्ढों में सड़क
मुरादाबाद,अमृत विचार। बरसात से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त न करा पाने वाले विभागों के जिम्मेदारों के सिर पर एक बार फिर मुख्यमंत्री का फरमान है। सड़कों के गड्ढों में हिचकोले खाते वाहन में बैठे लोग पीतलनगरी की प्रशासनिक व्यवस्था और सरकार को भी कोस रहे हैं। सड़क के इन गड्ढों में रोगी वाहन में मरीजों …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बरसात से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त न करा पाने वाले विभागों के जिम्मेदारों के सिर पर एक बार फिर मुख्यमंत्री का फरमान है। सड़कों के गड्ढों में हिचकोले खाते वाहन में बैठे लोग पीतलनगरी की प्रशासनिक व्यवस्था और सरकार को भी कोस रहे हैं। सड़क के इन गड्ढों में रोगी वाहन में मरीजों का दर्द और बढ़ रहा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, रामपुर रोड, इंपीरियल तिराहे से हनुमान मूर्ति तक के गड्ढों ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है।
शहर की मुख्य सड़कों के अलावा हाईवे के जर्जर हाल को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले मानसून से पहले ठीक कराकर उन्हें गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया था। अधिकारी कागजी घोड़े दौड़ाकर रस्म अदायगी करते रहे। कई सड़कों के पैचवर्क आनन फानन में किए गए, लेकिन बारिश में यह पैचवर्क बह गए। मुरादाबाद-कांठ-हरिद्वार हाईवे पर कई जगह पैच वर्क भी धंस गए।
रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, रामपुर रोड, इंपीरियल तिराहा, हनुमान मूर्ति चौक तक सड़कों की खस्ताहाली नागरिकों को तब झेलनी पड़ रही है जब प्रदेश के 17 स्मार्ट शहरों में पीतलनगरी भी शामिल है। कागजों में शहर को स्मार्ट बनाने का दावा करने वाले विभाग और कार्यदायी संस्थाएं अब भी सड़कों की खस्ताहाली दूर करने के लिए चेत नहीं रही हैं। सितंबर में खुद जिलाधिकारी ने अमृत विचार के द्वारा शहर का इवनिंग लाइव कर सड़कों की खस्ताहाली और इससे जूझते लोगों के दर्द को दिखाया तो जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए थे।

तस्वीर -1 स्टेशन रोड पर पारकर तिराहा
रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, रामपुर रोड की सड़क हर चंद कदम पर उखड़कर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील है। इस रास्ते से हर दिन हजारों संख्या में वाहन गुजरते हैं। इन वाहनों में बैठे लोगों को सड़क के गड्ढे दर्द दे रहे हैं। यही नहीं रोगी वाहन से जाने वाले मरीजों का दर्द भी सड़कों के गड्ढे बढ़ा रहे हैं।

तस्वीर -2 रामगंगा विहार रोड
शहर की पॉश कॉलोनी रामगंगा विहार में भी सड़कें खस्ताहाल हैं। 30 हजार से अधिक की आबादी वाले इस वार्ड की सड़कों का मुद्दा नगर निगम बोर्ड की बैठक में भी गूंज चुका है। पार्षद ने सवाल उठाकर निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया था। तब नगर आयुक्त ने कहा था कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रामगंगा विहार की सड़कों को दुरुस्त करने का वादा किया था।

तस्वीर -3 सोनकपुर स्टेडियम रोड
नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्टेडियम रोड की हालत भी खराब है। बरसात में इस सड़क के दोनों तरफ गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। नागरिकों को दर्द देती इन सड़कों को ठीक कराने के लिए अधिकारियों की संवेदना न तो खुद से जग रही है और न ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही वह ठोस कदम उठा रहे हैं। अब देखना है कि 15 नवंबर तक इन सड़कों की दशा कितनी सुधरती है।
दो किलोमीटर में 30 से अधिक गहरे गड्ढे
इंपीरियल तिराहे से हनुमान मूर्ति तक सड़क का अधिकांश हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो गया है। दो किलोमीटर की दूरी में 30 से अधिक गड्ढे नागरिकों को दर्द दे रहे हैं। कई जगह सीवर लाइन डालने के दौरान छोड़े गए गड्ढे और रोड कटिंग भी सड़कों की इस हालत के लिए जिम्मेदार है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : माननीयों ने सड़क-प्याऊ और लाइट लगवाने को खोला खजाना
