हल्द्वानी: सिंचाई विभाग 10 अक्टूबर से धारा-16 के तहत प्रभावितों के घर जाकर करेगा सर्वे
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमरानी बांध परियोजना के प्रभावितों के पुनर्वास के लिए जमीन वितरण का काम सिंचाई विभाग को सौंपा गया था। इसके तहत विभाग ने धारा-16 के तहत काम करना शुरू कर दिया है। विभाग 10 अक्टूबर से प्रभावितों के घर जाकर सर्वे करेगा। जिसके बाद दस्तावेज तैयार कर एक संक्षिप्त रिपोर्ट विभाग को …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमरानी बांध परियोजना के प्रभावितों के पुनर्वास के लिए जमीन वितरण का काम सिंचाई विभाग को सौंपा गया था। इसके तहत विभाग ने धारा-16 के तहत काम करना शुरू कर दिया है। विभाग 10 अक्टूबर से प्रभावितों के घर जाकर सर्वे करेगा। जिसके बाद दस्तावेज तैयार कर एक संक्षिप्त रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी।
सिंचाई विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सबसे पहले तिलवाड़ी, उसके बाद मुरखुड़िया गांव में सर्वेक्षण किया जाना है। इस दौरान प्रभावित ग्रामीणों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली बिल आदि आवश्यक दस्तावेज देने होंगे।
बहुप्रतीक्षित जमरानी बांध परियोजना के निर्माण के चलते छह गांवों के 1327 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इसके पुनर्वास के लिए धारा-16 की कार्रवाई दिसंबर तक पूरी की जानी है। इसके लिए सिंचाई विभाग धारा-16 के तहत प्रभावित परिवारों को प्रभावित भूमि, प्रभावित अवसंरचना (भवन) और प्रभावित वृक्षों की जानकारी जुटाएगा। इसके बाद धारा 17, 18 की कार्रवाई की जाएगी।
परियोजना प्रबंधक हिमांशु पंत का कहना है कि सोमवार से तिलवाड़ी गांव में प्रभावितों के घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा। ग्रामीणों को पारदर्शिता के साथ प्रभावित भूमि, प्रभावित अवसंरचना और प्रभावित वृक्षों की जानकारी दी जाएगी। स्कीम के निर्माण के लिए ग्रामीणों से राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली के बिल आदि आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे।
