देहरादून: वनंत्रा रिजॉर्ट से गायब नहीं हुई थी प्रियंका, न्यूज पोर्टल के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
देहरादून, अमृत विचार। अंकिता हत्याकांड को लेकर जहां नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे में एक रिजॉर्ट से पूर्व में गायब युवती की सच्चाई भी बाहर आ गई है। वनंत्रा रिजॉर्ट की पूर्व कर्मचारी प्रियंका को एक न्यूज पोर्टल ने गुमशुदा बताने हुए कई खबरें चला दी। इसपर प्रियंका ने पुलिस में तहरीर देते हुए …
देहरादून, अमृत विचार। अंकिता हत्याकांड को लेकर जहां नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे में एक रिजॉर्ट से पूर्व में गायब युवती की सच्चाई भी बाहर आ गई है। वनंत्रा रिजॉर्ट की पूर्व कर्मचारी प्रियंका को एक न्यूज पोर्टल ने गुमशुदा बताने हुए कई खबरें चला दी। इसपर प्रियंका ने पुलिस में तहरीर देते हुए न्यूज पोर्टल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली प्रियंका वर्तमान में प्रेमनगर क्षेत्र में रह रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कथित न्यूज पोर्टल द्वारा उनके रिजॉर्ट से गायब होने की खबरें चलाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वनंत्रा रिजॉर्ट की पूर्व कर्मचारी प्रियंका ने बताया कि उन्होंने 30 जून को रिजॉर्ट में काम शुरू किया था। लेकिन, रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने डेढ़ महीने बाद भी उन्हें वेतन नहीं दिया। इसके चलते उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। लेकिन सच न पता होने के बाद भी कुछ न्यूज पोर्टल उनके बारे में खबर चला रहे हैं कि वह गायब है।
एसओ प्रेमनगर दीपक रावत ने बताया कि प्रियंका ने न्यूज पोर्टल जागो उत्तराखंड के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि उनकी छवि धूमिल करने के लिए अन्य खबरें भी चलाई जा रही हैं। इनके प्रिंट पीड़िता ने पुलिस को दिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
