मुरादाबाद : 11वीं के छात्र पर आया दिल तो नौकरानी ने कर लिया अपहरण
मुरादाबाद, अमृत विचार। कहते हैं, प्यार करने की न तो कोई उम्र होती है और न ही कोई बंधन। इश्क की पुरानी दास्तान को यदि नए सिरे से समझना हो तो शहर की इस घटना पर नजर फेरें, जिसमें एक नौकरानी 11वीं के छात्र पर इस कदर फिदा हुई कि उसने अपने प्रेमी का अपहरण …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कहते हैं, प्यार करने की न तो कोई उम्र होती है और न ही कोई बंधन। इश्क की पुरानी दास्तान को यदि नए सिरे से समझना हो तो शहर की इस घटना पर नजर फेरें, जिसमें एक नौकरानी 11वीं के छात्र पर इस कदर फिदा हुई कि उसने अपने प्रेमी का अपहरण कर लिया। नौकरानी की अक्ल तब ठिकाने लगी, जब सिविल लाइंस पुलिस ने उसके खिलाफ नाबालिग छात्र के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। कानून का शिकंजा कसते ही प्रेमी युगल टूट गए। दोनों एक साथ मुरादाबाद लौट आए।
- कानून का दबाव बढ़ने पर प्रेमी संग वापस मुरादाबाद लौटी नौकरानी
- छात्र के पिता की तहरीर पर युवती के खिलाफ दर्ज की थी रिपोर्ट
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र त्यागी ने बताया कि बीते 17 मई को एक ऑटो चालक ने तहरीर दी। बताया कि घर से स्कूल निकला 11वीं में पढ़ने वाला उसका नाबालिग बेटा देर रात तक वापस नहीं लौटा। पीड़ित के दावे को अनमने ढंग से सुन रही पुलिस अचानक तब चौंक गई, जब ऑटो चालक ने कहा कि नौकरानी के रूप में घरों में बर्तन साफ करने वाली एक 22 वर्षीय युवती ने उसके नाबालिग पुत्र का अपहरण कर लिया है। यह सुनते ही पुलिस सन्न रह गई। आरोपी युवती के खिलाफ तत्काल पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद अपहृत छात्र व आरोपी युवती की तलाश शुरू हुई। लंबे वक्त तक खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच कानून का शिकंजा युवती के परिजनों पर कसने लगा। पुलिस नौकरानी के परिजनों पर छात्र की सकुशल बरामदगी का दबाव बनाने लगी। जिससे प्रेमी युगल शुक्रवार को एक साथ सिविल लाइंस थाने पहुंच गए।
छात्र ने पुलिस को चौंकाया
मुरादाबाद। ऑटो चालक के सनसनीखेज दावे पर अभियोग दर्ज कर अपहृत की तलाश कर रही पुलिस शुक्रवार को नाबालिग छात्र की दलील से सन्न रह गई। पूछताछ में छात्र ने पिता के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। छात्र ने दो टूक कहा कि पड़ोस में रहने वाली युवती से वह बेपनाह प्यार करता है। पिता से विवाद के बाद उसने घर छोड़ा। न कि प्रेमिका ने उसका अपहरण किया। नौकरानी पर लगे अपहरण के आरोप को छात्र ने सिरे से खारिज कर दिया। पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि प्यार का जादू नाबालिग के सिर चढ़कर बोल रहा है। नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
प्यार ने बना दिया जूते का सेल्समैन
पूछताछ में किशोर ने बताया कि प्रेमिका संग मुरादाबाद छोड़ने के बाद वह पहले मुजफ्फरनगर गए। वहां कुछ दिनों तक रहने के बाद दोनों ने हरियाणा के करनाल को अपना नया ठिकाना बना लिया। पैसे खत्म होने के बाद छात्र जूते की एक दुकान पर सेल्समैन का काम करने लगा। दोनों किराए का कमरा लेकर एक साथ जीवन यापन करने लगे। चार माह से भी अधिक समय एक साथ गुजारने के बाद दोनों वापस मुरादाबाद लौटे। बहरहाल नौकरानी का नाबालिग इश्क व परिजनों के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक चुके छात्र के दावे फिलहाल शहर की सुर्खियों में हैं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मदरसों को नहीं मिली मान्यता, तालाबंदी का संकट
