मुरादाबाद : कहर बरपा रही बारिश के बीच देवदूत बनी खाकी
मुरादाबाद,अमृत विचार। बीते चार दिनों से कहर बरपा रही बारिश अब मानव जीवन पर भारी पड़ने लगी है। ऐसे प्रतिकूल माहौल व परिस्थिति के बीच दायित्व निभा रही खाकी, उन लोगों के लिए देवदूत बन चुके हैं, जो मौसम और ठंड के मारे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल मातहतों की हौसलाफजाई करते लगातार उनका …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बीते चार दिनों से कहर बरपा रही बारिश अब मानव जीवन पर भारी पड़ने लगी है। ऐसे प्रतिकूल माहौल व परिस्थिति के बीच दायित्व निभा रही खाकी, उन लोगों के लिए देवदूत बन चुके हैं, जो मौसम और ठंड के मारे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल मातहतों की हौसलाफजाई करते लगातार उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
पुलिस कार्यालय के मुताबिक रविवार रात पीआरवी 0255 सोनकपुर थाना क्षेत्र में तैनात थी। तभी पीआरवी कमांडर व मुख्य आरक्षी मुनव्वर अली, आरक्षी नईम अहमद व चालक होमगार्ड सुरेश कुमार को एक सूचना मिली। कंट्रोल रूम ने बताया कि भिडवारी गांव के पास एक वृद्ध ठंड से कांप रहा है। फटे कपड़े में सड़क किनारे बैठे वृद्ध की मदद तत्काल नहीं हुई, तो मौत उसे अपने आगोश में ले लेगी।
सूचना की गंभीरता भांप पीआरवी कर्मी देवदूत बन गए। वह तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां बारिश में भीग रहा एक व्यक्ति ठंड से कांप रहा था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने वृद्ध की पहचान करने की कोशिश की। पुलिस कर्मियों की कोशिश विफल रही। तब पीआरवी जवानों ने घटना की जानकारी थाना प्रभारी सोनकपुर को दी। थानाध्यक्ष के आदेश पर पुलिस कर्मियों ने वृद्ध को पहले कम्बल व सूखे कपड़े मुहैया कराया। फिर बिलारी स्थित ग्राम ग्वारखेड़ा मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष के सुपुर्द वृद्ध को किया।
इधर, कांठ रोड पर नवीं वाहिनी पीएसी के सामने रात करीब आठ बजे एक दिव्यांग युवक बारिश व ठंड से कांप रहा था। पीआरवी पर तैनात महिला पुलिस कर्मी मौके पर पहुंची। उन्होंने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों ही घटनाओं में पुलिस की संवेदनशीलता व तत्परता सराहनीय रही।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बारिश में डूबी धान की फसल, डीएम ने लिया नुकसान का जायजा
