कानपुर: समधी बोले- नेता जी फसल देख बता देते थे कौन सा जिला आ गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, कानपुर। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कानपुर से गहरा नाता रहा है। कहते थे कि राजनीति कि दिशा और दशा शहर के मेहरबान सिंह में रहने वाले उनके मित्र स्व. चौधरी हरमोहन सिंह के घर से तय होती थी। हरमोहन सिंह की मौत के बाद भी उनका यह लगाव कम नहीं हुआ। …

अमृत विचार, कानपुर। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कानपुर से गहरा नाता रहा है। कहते थे कि राजनीति कि दिशा और दशा शहर के मेहरबान सिंह में रहने वाले उनके मित्र स्व. चौधरी हरमोहन सिंह के घर से तय होती थी। हरमोहन सिंह की मौत के बाद भी उनका यह लगाव कम नहीं हुआ। उनके पुत्र और रिश्ते में नेता जी के समधी बलराम सिंह यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ऐसे नेता थे जो हेलीकाप्टर से फसल देखकर बता देते थे कि कौन सा जिला आ गया।

बलराम सिंह यादव ने संस्मरण बताया कि जब अखिलेश यादव पहली बार प्रदेश के सीएम बने तो उससे पहले मुलायम सिंह यादव ने पिता चौधरी हरमोहन सिंह यादव ने पूछा था कि किसे सीएम बनाना चाहिए। तब पिता हरमोहन सिंह यादव ने इच्छा जाहिर की थी नेता जी एक बार और सीएम बने। बलराम यादव ने कहा कि नेता जी के बारे में प्रचलित था कि पड़वा मरे तब भी मुलायम पहुंच जाते थे। कहा कि लोगों के दुखों को वह भांप जाते थे। सपा का एक-एक कार्यकर्ता उनके लिए परिवार था।

संस्मरण बताया कि उन्नाव में रहने वाले मेरे साले राम सिंह की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद मुलायम पहुंचे तो वहां हम लोगों ने अलग से जलपान की व्यवस्था करा दी थी। तो मुलायम ने डांटा था कि मीडिया वाले कहेंगे दुख में आए थे और पार्टी कर चले गए। उन्होंने कहा कि मुलायम दूरदर्शी थे।

शिवपाल और अखिलेश की बढ़ जाएगी दूरियां बलराम सिंह यादव ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव के बीच की खाई को भरने का काम नेता जी करते आए। लेकिन अब उनके जाने के बाद यह विवाद बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि या तो शिवपाल और अखिलेश एक हो जाएंगे या तो और फांसले बढ़ जाएंगे।

मेहरबान सिंह पुरवा का मॉडल सैफई में अपनाया

मुलायम सिंह यादव अपने हर कार्यकाल में कानपुर और मेहरबान सिंह का पुरवा आना नहीं भूलते थे। मुलायम सिंह यादव ने मेहरबान सिंह का पुरवा से ही सैफई के विकास की तस्वीर खींची थी। जब मुलायम सिंह यादव ने देखा कि हरमोहन सिंह अपने गांव में इतना विकास करा रहे हैं, तो उन्होंने भी इस मॉडल को सैफई में अपनाया था। सीएम बनते ही मुलायम सिंह यादव ने मेहरबान सिंह का पुरवा की तरह सैफई में भी नाली, सड़कों का निर्माण कार्य और सौंदर्यीकरण कराया था। सुपौत्र ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मेहरबान सिंह पुरवा का विकास कराने में बहुत योगदान दिया।

मेहबान सिंह पुरवा में पसरा सन्नाटा

सोमवार सुबह जैसे ही मुलायम सिंह यादव की मौत की खबर कानपुर के मेहरबान सिंह पुरवा पहुंची शोक की लहर दौड़ गई। घरों में सिर्फ नेता जी की पुरानी यादों को संजोए लोग बाते कर रहे थे। सूचना पर कई लोग मुलायम के पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। दोपहर बाद गलियों में सन्नाटा पसर गया।

यह भी पढ़ें… कानपुर: सड़क पर कुत्तों को छोड़कर जाने वालों पर होगी कार्रवाई, महापौर बोलीं- यह जुर्म है

संबंधित समाचार