बरेली: तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने शनिवार को नगर निगम के गेट से तीन दिनों के विशेष स्वच्छता अभियान के लिए 17 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 15 फॉगिंग मशीनों को भी वार्डों में भेजा गया। इन वाहनों के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सैनेटाइज कराया गया। सबसे पहले नगर …

बरेली,अमृत विचार। नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने शनिवार को नगर निगम के गेट से तीन दिनों के विशेष स्वच्छता अभियान के लिए 17 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 15 फॉगिंग मशीनों को भी वार्डों में भेजा गया। इन वाहनों के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सैनेटाइज कराया गया। सबसे पहले नगर निगम परिसर को सैनेटाइज किया गया।

करीब एक दिन 50 हजार लीटर हाइपोक्लोराइड सॉल्यूशन का इस्तेमाल किया गया। निगम की कार्ययोजना के अनुसार रविवार को भी शहर भर में सैनेटाइज़ेशन, सफाई और फॉगिंग आदि का विशेष अभियान जारी रहेगा। इस विशेष सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए शहर के चार वार्ड पर एक अधिकारी के हिसाब से कुल 20 अधिकारियों की पर्यवेक्षण का जिम्मा सौंपा गया है।

इसके साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायत परिषद क्षेत्र में 19 अधिकारियों को पर्यवेक्षण के लिए तैनात किया गया है। न्याय पंचायत स्तर पर कुल 144 नोडल अधिकारियों को स्वच्छता अभियान की निगरानी के लिए तैनात किया गया है। जिले की पांच चीनी मिलों द्वारा अपने अपने क्षेत्र में करीब 62 ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

सड़क निर्माण,राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत
अपर मुख्य सचिव ने सर्किट हाउस में सांसद धर्मेंद्र कश्यप, शहर विधायक डा. अरूण कुमार, बिथरी विधायक राजेश मिश्रा आदि जनप्रतिनिधों से विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली व अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
इसमें सांसद ने विकास कार्यो की सुस्त गति और अफसरों के हीलाहवाली को लेकर लेकर चर्चा की। शिकायत करते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण में गुणवक्ता की ओर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। पीडब्लूडी अधिकारियों की साठगांठ से ठेकेदार सड़क निर्माण में जमकर हेराफेरी कर रहे है। योजनाओं में कमीशनबाजी की जा रही है।

जनप्रतिनिधि बोले कि ऐसे अधिकारियों को कैसे बर्दाश्त किया जाए। राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला भी उठा। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति को लेकर सवाल उठ रहे है। लाल फाटक की एनओसी को लेकर चर्चा की गई। पुल के पिलर बनाने मे हीलाहवाली की जा रही है। बीएसएनएल के नेटवर्क खराबी की भी शिकायत की। कहा कि नेटवर्क के कारण कारण बैंक, पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड नहीं बन रहे।

संबंधित समाचार