मुरादाबाद : प्यार के खेल में कारोबारी को लगा 40 लाख रुपए का चूना, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्यार का खेल भी निराला है। इसे खेलने से वह लोग भी बाज नहीं आते, जो पहले से ही दूध के जले होते हैं। ऐसे ही खेल में उलझे शहर के एक कारोबारी को 40 लाख रुपए का चूना लगा है। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली की एक युवती …

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्यार का खेल भी निराला है। इसे खेलने से वह लोग भी बाज नहीं आते, जो पहले से ही दूध के जले होते हैं। ऐसे ही खेल में उलझे शहर के एक कारोबारी को 40 लाख रुपए का चूना लगा है। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली की एक युवती समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व ब्लैकमेलिंग के आरोप में अभियोग पंजीकृत किया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चंद्रनगर गुरुद्वारा के समीप रहने वाले विक्रम कथूरिया के मुताबिक कारोबार के सिलसिले में वह अर्जुन नगर ईस्ट दिल्ली स्थित अनुपम अपार्टमेंट में निवास करते हैं। विक्रम कथुरिया व उनकी के बीच तलाक का वाद दिल्ली कोर्ट में लंबित है। पारिवारिक उठापटक के बीच विक्रम की मुलाकात दिल्ली की ही रहने वाली सोनिया से हुई। बातचीत में सोनिया को पता लग गया कि विक्रम का जीवन उठा पटक का शिकार है। वह विक्रम पर डोरे डालने लगी।

बातचीत में सोनिया न सिर्फ विक्रम को दूसरी शादी के लिए उकसाने लगी, बल्कि घर बुला कर शिद्दत से मेहमाननवाजी भी करने लगी। सोनिया की कोशिश रंग लाई। भावनात्मक रूप से विक्रम उससे जुड़ने लगे। इसका अहसास होते ही सोनिया ने खेल का पहला पाशा फेंका। कहा तलाक का मुकदमा लंबा चलेगा। अकेले कब तक रहोगे। सोनिया ने विक्रम संग जीवन यापन की इच्छा जताई। तलाक से पहले दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। आर्य समाज मंदिर में दोनों ने शादी भी की। हालांकि सामाजिक व कानूनी बाध्यताओं का हवाला देकर विक्रम ने शादी से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। प्यार पर भला किसका जोर चला है। विक्रम भी कठपुतली बन गया।

शपथ पत्र देकर सोनिया ने आश्वासन दिया कि वह ऐसा कोई काम नहीं करेगी, जो विक्रम की राह का रोड़ा बने। किराए की मकान में दोनों साथ रहने लगे। सोनिया व उसके परिवार पर विक्रम ने रुपए पानी की तरह बहाए। कुछ दिनों बाद सोनिया के बर्ताव में परिवर्तन होने लगा। वह अपने मां बाप के घर में रहने का दबाव विक्रम पर बनाने लगी। विक्रम के प्यार की परीक्षा ली जाने लगी। सोनिया के नाम अचल संपत्ति रजिस्टर्ड करने का दबाव बनाया जाने लगा। पारिवारिक जरूरत पूरी करने के लिए विक्रम ने पहले पांच लाख रुपए सोनिया को दिया।

बीते एक अगस्त को सुशील कुमार के जरिए सोनिया ने संबंध तोड़ लेने का मैसेज भेजा। ज़िंदगी बर्बाद करने की धमकी देकर सोनिया ने तीन अगस्त को विक्रम से 20 लाख रुपए की वसूली की। दो दिन बाद धमकी देकर दोबारा 10 लाख रुपए की मांग की। 13 अगस्त को पीड़ित ने दोबारा मांग पूरी की। इतना ही नहीं आरोपी महिला ने पीड़ित के कीमती दो मोबाइल फोन भी हड़प लिया। अब पीड़ित से 50 लाख रुपए वसूलने की कोशिश हो रही है। आरोपी महिला व उसके करीबी पीड़ित विक्रम वशश से लगातार धन उगाही की कोशिश करने में जुटे हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर सिविल लाइन थाने में पुलिस से मदद की गुहार लगाई। गुहार अनसुनी होने पर पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली की आरोपी महिला व उसके करीबियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ट्रेनों में यात्रियों को सुविधा-सुरक्षा के रेल प्रबंधन के दावे हवाई, शिकायतों को अनदेखा कर रहे अधिकारी

संबंधित समाचार