बरेली: शहला पर घोटाले का आरोप, शासन ने भेजा नोटिस
बरेली,अमृत विचार। नवाबगंज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शहला ताहिर पर शासन से शिकंजा कसता जा रहा है। शहला ताहिर पर नगर पालिका से करोड़ों रुपये निकालने के मामले में शिकायत की गई। शासन ने इसका संज्ञान लेकर जांच कराई। शासन ने शहला ताहिर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष …
बरेली,अमृत विचार। नवाबगंज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शहला ताहिर पर शासन से शिकंजा कसता जा रहा है। शहला ताहिर पर नगर पालिका से करोड़ों रुपये निकालने के मामले में शिकायत की गई। शासन ने इसका संज्ञान लेकर जांच कराई। शासन ने शहला ताहिर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नीरेंद्र सिंह राठौर ने शासन में शिकायत की थी कि नवाबगंज की नगर पालिका अध्यक्ष शहला ताहिर ने विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय के लिए 2019 में इस मद में आई 41 लाख रुपये की राशि निकाल ली। बताया गया कि सभी शौचालय बना लिए गए हैं। जबकि उस समय सिर्फ 30-40 शौचालय की किस्त ही जारी हुई थी।
शिकायत होने पर पालिका अध्यक्ष की तरफ से 116 फोटो अपलोड कर दिए और 31 शौचालयों का काम शुरू होना दिखा दिया। इसके साथ यह भी आरोप लगाया गया कि 5 फरवरी 2019 को राज्य वित्त मद से नगर पालिका अध्यक्ष ने 47 लाख, 31 हजार रुपये निकाल लिए। जबकि उस समय नगर पालिका में कोई भी अधिशासी अधिकारी मौजूद नहीं था।
इसके अलावा यह भी आरोप लगाया कि पालिका से धनराशि निकालने के बाद भी कर्मियों के वेतन, पेंशन व भत्तों का भुगतान नहीं किया गया। मामला शासन तक गया। इसकी जांच की गई। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष शहला ताहिर की तरफ से भी जवाब दिया गया था। दो माह पूर्व शासन ने शहला ताहिर को नोटिस जारी कर आरोपों को लेकर उनसे लिखित जवाब मांगा है।
“नोटिस मिला था उसका जबाव दे दिया गया है। सारे आरोप गलत हैं। राजनैतिक प्रतिद्वंदिता के कारण हमें परेशान किया जा रहा है। कोई भी काम नियमविरुद्ध तरीके से नहीं किए गए हैं।” -शहला ताहिर, नगर पालिका अध्यक्ष नवाबगंज
