दीपावली पर नैनीताल में एक कंपनी पीएसी, पांच एसआई व 25 कांस्टेबल रहेंगे तैनात
हल्द्वानी, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में नैनीताल में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए पुलिस महकमा खास सतर्कता बरत रहा है। पुलिस ने नैनीताल शहर में हर एक कामगार और बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतशित सत्यापन का फैसला लिया है। साथ ही डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने नगर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में नैनीताल में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए पुलिस महकमा खास सतर्कता बरत रहा है। पुलिस ने नैनीताल शहर में हर एक कामगार और बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतशित सत्यापन का फैसला लिया है। साथ ही डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने नगर में पर्याप्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की है। पर्यटन नगरी में दीपावली के मौके पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात रहेगी।
डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि त्यौहार को देखते हुए नैनीताल शहर में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत शहर के मुख्य रिक्शा स्टैंड, घोड़ा स्टैंड, फड़-खोका, बोट चालकों, टैक्सी चालकों, घोड़ा चालकों, आबादी वाले स्थानों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन किए जाएंगे। ये अभियान 14 से 18 अक्टूबर तक चलाया जाएगा और सीओ नैनीताल की निगरानी में चलेगा। अभियान के लिए कुमाऊं से कुल 25 कांस्टेबल, पांच एसआई और एक कंपनी पीएसी के साथ एक टेक्निकल टीम दी गई है।
मौके पर लगेगा पता, आधार असली है या नकली
हल्द्वानी। डीआईजी ने सत्यापन के लिए नैनीताल शहर को जो फोर्स दिया है, उसमें एक टैक्निकल टीम भी है। इस टीम का काम मौके पर ही यह सत्यापित करना है कि सत्यापन सही किया गया है या नहीं। जैसे व्यक्ति द्वारा पुलिस को दिए जा रहे दस्तावेज असली हैं या नहीं, जिसमें आधार कार्ड भी शामिल है। टेक्निकल टीम मौके पर ही संदिग्ध का आपराधिक इतिहास भी खंगाल लेगी। इस दौरान आपराधिक प्रवृत्ति, गलत नाम-पते वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
